
रियान पराग (फोटो- IANS)
IPL 2026 GT vs RR Qualifier 2 Highlights: आईपीएल 2026 में लगातार चार जीत के साथ सीजन का आगाज करने वाली राजस्थान रॉयल्स का शुक्रवार को सफर समाप्त हो गया। टीम को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस अब फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगी, तो वहीं राजस्थान रॉयल्स अब अगले सीजन की तैयारी पर ध्यान देगी।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 214 रन बनाए, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद में 96 रन की पारी खेली। गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में ही 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने शानदार शतक की पारी खेली। इस हार में राजस्थान रॉयल्स की कई गलतियां सामने आईं। मैच के बाद कप्तान रियान पराग ने खुलकर इस मामले पर बात की।
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की हार की कई बड़ी वजह सामने आई। फील्डिंग से लेकर खराब बैटिंग भी इस हार की बड़ी वजह बनी। मैच के बाद रियान पराग ने भी खुलकर बताया कि कहां गलती हुई और कहां वह सुधार कर सकते थे। उन्होंने कहा, “एक औसत स्कोर था जो राजस्थान रॉयल्स ने बनाया था। हालांकि मुझे लगता है कि 215 के स्कोर को भी बचाया जा सकता था, लेकिन दूसरी पारी में हेवी रोलर के कारण विकेट और बेहतर हो गया। पहली पारी में मुझे लगा कि स्पिनर्स को थोड़ी ज्यादा ग्रिप मिल रही थी और कुछ धीमी गेंदें रुककर आ रही थीं। इसीलिए मुझे लगता है कि यह स्कोर ठीक-ठाक था, लेकिन यह और बेहतर हो सकता था।"
रियान ने आगे कहा, "एक समय तो ऐसा लग रहा था कि 230 का स्कोर बन जाएगा और बड़े मैचों में 15-20 रन बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं। 230-240 का स्कोर होता तो उसका पीछा करना सचमुच बहुत मुश्किल होता। लेकिन 215 के स्कोर के साथ, उनकी बैटिंग लाइनअप को देखते हुए, हम जानते थे कि हमारे लिए उनके ओपनर्स को जल्दी आउट करना जरूरी होगा, जो हम नहीं कर पाए। उसके बाद यह सफर मुश्किल हो गया।”
आपको बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने 14 में से 8 मुकाबले जीतते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी और टीम चौथे स्थान पर रही थी। एलिमिनेटर में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को शानदार तरीके से एकतरफा मुकाबले में हराया था, लेकिन दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
Published on:
30 May 2026 08:39 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
