
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)
Vaibhav Suryavanshi Most Sixes in IPL in U19 Age: आईपीएल 2026 का तेरहवां मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। राजस्थान रॉयल्स इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है, जबकि मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ आगाज किया था, लेकिन अगले मुकाबले में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच में जहां मुंबई इंडियंस एक बार फिर से जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी, तो वहीं राजस्थान रॉयल्स जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की भी अग्नि परीक्षा होने वाली है, जहां वह पहली बार जसप्रीत बुमराह का सामना करने वाले हैं।
हालांकि, इस मैच से पहले वह एक ऐसा कारनामा कर चुके हैं, जो आज तक कोई भी भारतीय क्रिकेटर नहीं कर पाया। वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में 30 छक्के लगाने का कारनामा कर दिया है और यही नहीं, उन्होंने सबसे तेजी से यह उपलब्धि हासिल की है। वैभव सूर्यवंशी ने 30 छक्के लगाने के लिए सिर्फ 157 गेंदें खेलीं। इस दौरान उन्होंने ऋषभ पंत और ईशान किशन का रिकॉर्ड एक साथ तोड़ दिया। ऋषभ पंत ने 30 छक्के लगाने के लिए 373 गेंदें खेली थीं, तो ईशान किशन ने 431 गेंदों का सामना किया था।
यही नहीं, आईपीएल में 19 साल या उससे कम उम्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी वैभव सूर्यवंशी बन गए हैं। आपको बता दें कि अब तक इस सीजन में सूर्यवंशी ने सिर्फ दो मुकाबलों में बल्लेबाजी की है और 83 रन बनाए हैं, जिसमें छह छक्के भी शामिल हैं।
पिछले साल जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू करने वाले सूर्यवंशी अब तक सिर्फ 9 मैचों की 9 पारियों में 335 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 37.5 का रहा है, तो स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा है। उनका हाईएस्ट स्कोर 101 रन है। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं और 9 पारियों में वह सिर्फ एक बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
Updated on:
07 Apr 2026 05:34 pm
Published on:
07 Apr 2026 05:34 pm
