
वैभव सूर्यवंशी मैच प्रेजेंटेशन के दौरान (फोटो- IPL)
Vaibhav Suryavanshi Viral Video: आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने नाम किया हो, लेकिन इस सीजन को वैभव सूर्यवंशी के दमदार प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा। 15 साल की उम्र में वैभव ने आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना दिया। वह ऑरेंज कैप को जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने। इस दौरान उन्होंने POTM और Orange Cap मिलाकर कुल 7 अवॉर्ड्स जीते। अवॉर्ड्स लेने के लिए जब वह मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में आए, तब रवि शास्त्री ने उनसे ऐसा सवाल पूछा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूर्यवंशी जब अवॉर्ड लेने आए तब टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी रवि शास्त्री प्रेजेंटेशन सेरेमनी होस्ट कर रहे थे। उन्होंने सूर्यवंशी से पूछा कि इस सीजन आपने इतने छक्के चौके लगाए हैं, सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। इसके लिए आप कितना दूध पीते हैं? जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि मैं अभी दूध नहीं पी रहा हूं। ये जवाब देते समय वैभव मुस्कुराते नजर आए। इस मासूमियत से दिए गए जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही हर कोई वैभव सूर्यवंशी के इस सीजन के प्रदर्शन पर निगाहें लगाए बैठा हुआ था। हालांकि, वैभव ने अपनी तूफानी और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी से यह साबित करके दिखाया कि पिछले साल का प्रदर्शन कोई तुक्का नहीं था, बल्कि इस स्टेज पर छा जाने की काबिलियत उनके अंदर मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने आईपीएल 2026 में खेले 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। वैभव ने इस सीजन एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए।
आईपीएल 2026 में वैभव की बल्लेबाजी में परिपक्वता नजर आई। उन्होंने इस सीजन सूझबूझ से बल्लेबाजी की और हर गेंद को सिर्फ बाउंड्री के पार पहुंचाने की होड़ में नहीं रहे। उन्होंने मुश्किल हालातों में राजस्थान रॉयल्स की लड़खड़ाती हुई पारी को भी कई बार संभाला, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में देखने को मिला। वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में 47 गेंदों में 96 रनों की दमदार पारी खेली। उससे पहले उन्होंने एलिमिनेट मुकाबले में 29 गेंदों में 97 रन कूट डाले थे।
कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, और जसप्रीत बुमराह से लेकर तमाम दिग्गज तेज गेंदबाजों ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ अलग-अलग प्लानों के साथ गेंदबाजी की, लेकिन 15 साल के बल्लेबाज ने ना सिर्फ हर किसी का डटकर सामना किया, बल्कि मुंहतोड़ जवाब भी दिया। बुमराह के खिलाफ पहली ही गेंद पर लगाया गया उनका छक्का शायद इस सीजन की उनकी सबसे अच्छी यादों में से एक रहेगा।
वैभव ने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी, एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन का अवॉर्ड अपने नाम किया। वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए, जो एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। वैभव आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने। वह पावरप्ले में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा।
Updated on:
01 Jun 2026 12:55 pm
Published on:
01 Jun 2026 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
