
वरुण चक्रवर्ती (फोटो- IANS)
Vaibhav Suryavanshi vs KKR in IPL 2026: आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती की फिरकी के सामने राजस्थान रॉयल्स का टॉप ऑर्डर बिखर गया। वरुण चक्रवर्ती ने सबसे पहले खतरनाक दिख रहे वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। इसके बाद उन्होंने ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग को भी पवेलियन भेज दिया। इस दौरान सूर्यवंशी पहली बार रनों के लिए जूझते हुए दिखे। RR के तेज गेंदबाजों के खिलाफ सूर्यवंशी ने तो जमकर रन बनाए लेकिन स्पिनर्स के खिलाफ उन्हें संभलकर खेलना पड़ा। सूर्यवंशी ने तेज गेंदबाजों की 15 गेंद खेलकर 32 रन बटोरे तो स्पिनर्स के खिलाफ वह 14 गेंदों में सिर्फ 14 रन ही बना सके और आउट भी हुए।
चक्रवर्ती की बदौलत जो राजस्थान रॉयल्स 8 ओवर तक बिना विकेट गंवाए 79 रन बना चुकी थी, वही टीम अगले 38 रन बनाने के दौरान चार विकेट गंवा बैठी। वरुण चक्रवर्ती के साथ सुनील नरेन ने भी काफी कसी हुई गेंदबाजी की और दो विकेट चटकाए। वरुण चक्रवर्ती ने अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर तीन सफलताएं हासिल कीं, तो सुनील नरेन ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। कमाल की बात यह रही कि दोनों स्पिनर्स ने आठ ओवर में सिर्फ 50 रन देकर पांच विकेट हासिल कर लिए। यानी आधी टीम सिर्फ दो गेंदबाजों ने निपटा दी और वह भी महज 50 रन खर्च कर।
आपको बता दें कि इस मुकाबले में अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। पावरप्ले में राजस्थान को पहला झटका वरुण चक्रवर्ती ने दिया, जब उन्होंने सूर्यवंशी को 46 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।
इसके बाद उन्होंने ध्रुव जुरेल को 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। जुरेल सिर्फ 5 रन ही बना सके। इसके बाद दूसरे छोर से सुनील नरेन ने विकेटों का सिलसिला शुरू किया और पहले यशस्वी जायसवाल, फिर डोनोवन फरेरा को आउट कर दिया। आखिर में वरुण चक्रवर्ती ने रियान पराग को बोल्ड कर राजस्थान रॉयल्स की आधी टीम समेट दी।
कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले से पहले 5 मैच खेले थे, जिसमें 4 में जीत हासिल की थी और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर थी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स 6 में से 5 मैच हारकर और एक ड्रॉ के साथ अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। कोलकाता नाइट राइडर्स का इस आईपीएल में प्लेऑफ में पहुंचना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बचे हुए आठ में से सभी मुकाबले जीतने होंगे, जो इस सीजन के प्रदर्शन को देखते हुए बेहद मुश्किल लग रहा है।
Updated on:
19 Apr 2026 05:24 pm
Published on:
19 Apr 2026 05:22 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
