
Mumbai Indians vs UP Warriorz, Eliminator women premier league 2023: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का एलिमिनेटर मुक़ाबला मुंबई इंडियंस (MI) और यूपी वॉरियर्स (UPW) के बीच खेला गया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस ने तेज गेंदबाज इस्सी वोंग की शानदार हैट्रिक की मदद से यूपी वॉरियर्स को 70 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।
यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 182 रन बनाए। मुंबई के लिए ऑलराउंडर नताली सीवर ब्रंट ने 38 गेंद पर 72 रन की नाबाद पारी खेली। यूपी वॉरियर्स के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। अंजलि सरवानी और पार्श्वी चोपड़ा को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में यूपी की टीम 17.4 ओवर में मात्र 110 रन पर ढेर हो गई। यूपी के लिए किरण नवगिरे ने सबसे ज्यादा 27 गेंद पर 43 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मात्र 8 रन के स्कोर पर सायका इशाक ने श्वेता सेहरावत को आउट किया। श्वेता दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हीली मैथ्यूज को कैच थमा बैठीं। उन्होंने आठ गेंद पर एक रन बनाए।
चार रन के बाद यूपी को एक और झटका लगा। कप्तान एलिसा हीली इस्सी वोंग की गेंद पर मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर को कैच थमा बैठीं। मुंबई इंडियंस को तीसरी सफलता पांचवें ओवर की पहली गेंद पर मिली। ताहलिया मैक्ग्रा एक रन लेने के चक्कर में रनआउट हो गईं। अमनजोत कौर के थ्रो पर विकेटकीपर यास्तिका भाटिया ने मैक्ग्रा को रनआउट कर दिया।
अहम मैच में ग्रेस हैरिस का बल्ला भी नहीं चला। वह 12 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हो गईं। नताली सीवर ब्रंट की गेंद पर इस्सी वोंग ने उनका कैच लिया। इसके बाद नवगिरे ने एक तरफ से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू किया। लेकिन इस्सी वोंग ने अपने आखिरी ओवर में इतिहास रच दिया। उन्होंन हैट्रिक लेते हुए यूपी को बैकफुट पर धकेल दिया। वोंग डबल्यूपीएल में हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज हैं। वोंग ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर किरण नवगिरे को आउट कर मुंबई को बड़ी सफलता दिलाई। नवगिरे टीम के लिए खतरा बन रही थीं। उन्होंने 27 गेंद पर 43 रन बनाए। इस दौरान चार चौके और तीन सिक्स लगाए। नवगिरो का कैच नताली सीवर ने लिया। उनके आउट होने के बाद इस्सी वोंग ने तीसरी गेंद पर सिमरन शेख को क्लीन बोल्ड कर दिया। फिर चौथी गेंद पर सोफी एक्लेस्टोन को क्लीन बोल्ड कर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की।
यूपी वॉरियर्स की टीम को आठवां झटका 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हीली मैथ्यूज ने दिया। उन्होंने दीप्ति शर्मा को कलिता के हाथों कैच कराया। दीप्ति ने 20 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाए। मुंबई के लिए इस्सी वोंग ने चार, साइका इशाक ने दो, नताली सीवर ब्रंट, हीली मैथ्यूज, और जिंतिमनी कलिता ने एक -एक विकेट झटके। इस जीत के साथ मुंबई ने डबल्यूपीएल के फ़ाइनल में जगह बना ली है। जहां उसका मुक़ाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
Updated on:
25 Mar 2023 08:08 am
Published on:
24 Mar 2023 10:47 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
