
इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने घोषणा की है कि वह 10 जुलाई से लॉर्ड्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाले अपने आगामी घरेलू समर के पहले टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। 41 वर्षीय एंडरसन इस साल की शुरुआत में धर्मशाला में इंग्लैंड के भारत दौरे के 5वें और अंतिम मैच के दौरान शेन वार्न और मुथैया मुरलीधरन के बाद 700 टेस्ट विकेट के आंकड़े तक पहुंचने वाले तीसरे गेंदबाज बने थे और यहां तक पहुंचने वाले पहले तेज गेंदबाज भी।
एंडरसन ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि मैं इंग्लैंड के लिए खेलना बहुत मिस करूंगा। लेकिन, मुझे पता है कि अलग हटने और दूसरों को उनके सपनों को साकार करने देने का समय आ गया है। डेनिएला, रूबी और मेरे माता-पिता के प्यार और समर्थन के बिना मैं यह नहीं कर पाता। उन्हें बहुत बहुत धन्यवाद। साथ ही उन खिलाड़ियों और कोचों को भी धन्यवाद, जिन्होंने इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ काम बनाया है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं आगे आने वाली नई चुनौतियों के लिए उत्साहित हूं। साथ ही अपने दिनों को और भी अधिक गोल्फ से भरने के लिए उत्साहित हूं। उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने वर्षों से मेरा समर्थन किया है, यह हमेशा बहुत मायने रखता है। भले ही अक्सर मेरे चेहरे पर यह दिखाई न दे। टेस्ट में मिलते हैं।
एंडरसन अगर अगले कुछ महीनों में क्रिकेट से संन्यास ले लेते हैं तो वह भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदलुकर का सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का महारिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएंगे। सचिन ने अपने करियर में कुल 200 टेस्ट खेले। वहीं, एंडरसन अब तक 184 टेस्ट मैच खेलकर दूसरे पायदान पर हैं।
Updated on:
11 May 2024, 8:20 PM IST
Published on:
11 May 2024, 2:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.