
Jasprit Bumrah after taking a five-wicket haul against England. (Photo source: X@/BCCI)
Jasprit Bumrah, India vs England 1st test: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से मेजबान टीम को 465 रनों पर समेट दिया। बुमराह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहली पारी में 6 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
बुमराह के इस प्रदर्शन की हर कोई तारीफ कर रहा है। इसी कड़ी में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर उनकी तारीफ की है। साथ ही खराब फील्डिंग के लिए यशस्वी जायसवाल और रवींद्र जडेजा पर तंज़ कसा है। सचिन ने लिखा, " बधाई हो बुमराह! एक नो-बॉल और 3 चूके कैच आपके और 9 विकेट के बीच में आ गए।" भारतीय खिलाड़ियों ने इस मैच में कई कैच छोड़े, जिसके कारण इंग्लैंड भारत के स्कोर के इतने करीब पहुंचने में कामयाब रहा। इन गलतियों ने न केवल बुमराह की मेहनत को प्रभावित किया, बल्कि टीम को दबाव में भी ला दिया।
बता दें अकेले बुमराह की गेंदबाजी के दौरान भारत ने चार कैच टपकाए, जिनमें से तीन यशस्वी जायसवाल और एक रवींद्र जडेजा से छूटा। हैरी ब्रूक को इस दौरान तीन बार जीवनदान मिला। वे जब 0 रन पर थे, तब बुमराह की गेंद पर आउट होने के बावजूद वह नो बॉल घोषित हो गई। इसके बाद, वे 46 और 82 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर भी दो बार कैच से बच गए। हालांकि वे अंततः प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर 99 रन के स्कोर पर आउट हो गए और शतक से चूक गए।
बुमराह ने 83 रन देकर पांच विकेट झटके, जो उनके टेस्ट करियर का 14वां और विदेशी सरजमीं पर 12वां पांच विकेट हॉल था। इस प्रदर्शन ने उन्हें भारत के लिए विदेश में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की सूची में महान ऑलराउंडर कपिल देव के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर ला खड़ा किया। साथ ही, बुमराह SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में 150 विकेट पूरे करने वाले पहले एशियाई गेंदबाज बन गए।
मैच की बात करें तो भारत ने इस मैच की पहली पारी में 471 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की पारी 465 रन पर ढेर हो गई। इस आधार पर भारत को पहली पारी के आधार पर छह रन की बढ़त मिली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट पर 90 रन बना लिए हैं और इंग्लैंड पर 96 रनों की बढ़त बना ली है। क्रीज़ पर सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 47 रन और कप्तान शुभमन गिल छह रन बनाकर क्रीज़ पर टीके हुए हैं।
Published on:
23 Jun 2025 08:06 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
