13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उन्हें ही फैसला लेना होगा… पाकिस्तान के अबरार अहमद को सनराइजर्स टीम में शामिल करने पर BCCI का पहला रिएक्शन

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सनराइजर्स फ्रेंचाइजी द्वारा 'द हंड्रेड' के लिए पाकिस्‍तानी मिस्‍ट्री स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल करने पर रिएक्‍शन देते हुए कहा है कि ये एक विदेशी लीग है। यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। उन्हें ही इस पर फैसला लेना होगा।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Mar 13, 2026

BCCI Vice-President Rajeev Shukla

बीसीसीआई के उपाध्‍यक्ष राजीव शुक्‍ला। (फोटो सोर्स: IANS)

द हंड्रेड 2026 की नीलामी में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 2.34 करोड़ रुपये में खरीदा है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस फ्रैंचाइजी और इसकी मालकिन के खिलाफ फैंस ने मोर्चा खोल रखा है। इस राष्‍ट्रीय भावना से खिलवाड़ बताकर सनराइजर्स लीड्स के बॉयकॉट की बात कही जा रही है। इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। आइये आपको भी बताते हैं कि आखिर उन्‍होंने क्‍या कहा है?

उन्हें ही इस पर फैसला लेना होगा- बीसीसीआई उपाध्‍यक्ष

सनराइजर्स प्रबंधन की ओर से अभी तक भारत में हो रहे इस विरोध पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, शुक्रवार दोपहर को राजीव शुक्ला ने यह साफ कर दिया कि इस मामले में फैसला फ्रेंचाइजी को ही लेना होगा। शुक्ला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि इसका आईपीएल से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक विदेशी लीग है। यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। हम इसमें कुछ नहीं कर सकते। उन्हें ही इस पर फैसला लेना होगा।

काव्या मारन का भारी विरोध

बता दें कि सन टीवी के स्वामित्व वाली इस फ्रेंचाइजी की सोशल मीडिया पर हर तरफ आलोचना हो रही है, क्योंकि उसने देश की राष्ट्रीय भावना और मौजूदा माहौल के बावजूद खिलाड़ियों की नीलामी में अबरार को खरीद लिया। फ्रेंचाइजी की मालकिन काव्या मारन को भी भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक एक्‍स अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया गया है।

सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा

दरअसल, गुरुवार को हुई नीलामी में दुनिया के तीसरे नंबर के टी20I गेंदबाज अबरार अहमद को फ्रेंचाइजी ने 190,000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा। नीलामी के दौरान मुख्य कोच डेनियल विटोरी और मालकिन काव्या मारन टे‍बल पर मौजूद थे। उन्‍होंने सबसे ऊंची बोली लगाकर ट्रेंट रॉकेट्स की चुनौती को नाकाम करते हुए अबरार को खरीद लिया।

उस्मान तारिक का नाम भी था योजना में

भारतीय मालिकाना हक वाली टीम में अबरार को खरीदने के बाद विटोरी ने बताया कि आदिल राशिद दूसरी टीम में चले गए, तो फ्रेंचाइजी ने इस मिस्ट्री स्पिनर को खरीदने का फैसला किया। उन्होंने यह भी कहा कि उस्मान तारिक भी उनकी योजना का हिस्सा थे, लेकिन जब अबरार टीम में आ गए, तो उन्हें किसी और स्पिनर को खरीदने की जरूरत नहीं पड़ी।