
वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)
Jitesh Sharma on Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। 15 साल के इस खिलाड़ी ने इस सीजन में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्व स्तरीय गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस को भी नहीं बख्शा है। इन तीनों दिग्गजों की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा है और इस सीजन की 10 पारियों में 237.65 के दमदार स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। रिपोर्टों की मानें तो आईपीएल खत्म होने के बाद उनका भारत के लिए डेब्यू लगभग तय है। इसी बीच आरसीबी स्टार जितेश शर्मा ने उन्हें फिर से अनप्रोफेशनल बताते हुए अपने पिछले बयान पर सफाई दी है।
पिछले साल एशिया कप राइजिंग स्टार में इंडिया ए की कप्तानी करने वाले जितेश शर्मा ने आईपीएल 2026 से पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एबी डीविलियर्स के साथ बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की थी। यह टिप्पणी तब आई जब दक्षिण अफ्रीका के इस महान खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज की तारीफ की थी।
जितेश ने कहा था कि वह पेशेवर नहीं है। मैं आपको यह बता सकता हूं। हर कोई उसे पेशेवर बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह कभी पेशेवर बन पाएगा। वह मैदान पर तो पेशेवर हो सकता है, लेकिन मैदान के बाहर नहीं। मैं अपनी पूरी कोशिश कर रहा हूं। मैं उससे कहता हूं कि रात में आइसक्रीम मत खाओ।
जितेश की इस टिप्पणी को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया, जो सोशल मीडिया पर यह वायरल हो गई। बाद में इस टिप्पणी का इस्तेमाल जितेश की आलोचना करने के लिए किया गया। यह तब हुआ जब इस सीजन की शुरुआत में गुवाहाटी में आरसीबी के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने 26 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली।
आरसीबी के सोशल मीडिया चैनल पर मिस्टर नाग्स से बात करते हुए जितेश से इस टिप्पणी के बारे में पूछा गया और यह भी पूछा गया कि उन्होंने इस पर सफाई देना क्यों जरूरी समझा? वह अपने रुख पर कायम रहे और समझाया कि वैभव गैर-पेशेवर सिर्फ इस मायने में हैं कि वह अभी भी एक बच्चा है, जिसे आइसक्रीम जैसी छोटी-छोटी चीजों का आनंद लेना पसंद है। उन्होंने कहा कि भले ही उसके आसपास बहुत ज्यादा प्रोफेशनलिज्म हो, लेकिन वह चाहते हैं कि वह खुद जैसा है, वैसा ही रहे।
उन्होंने आगे कहा कि वह मेरा बहुत करीबी दोस्त है, इसलिए मैं उसे कुछ भी कह सकता हूं। एबीडी ने मुझसे पूछा कि कौन सा युवा खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार बन सकता है और मैंने तुरंत वैभव का नाम लिया। जब उन्होंने पूछा क्यों, तो मैंने कहा कि ऐसा इसलिए, क्योंकि उसके पास तकनीक है और मैंने उसकी कड़ी मेहनत देखी है। मैंने उनसे कहा कि वह तीनों फॉर्मेट में अपना दबदबा बना सकता है।
अब, जब उन्होंने कहा कि वह प्रोफेशनल दिखता है, तो मैंने कहा ‘नहीं। वह प्रोफेशनल नहीं है। वह 15 साल का बच्चा है। उसे आइसक्रीम बहुत पसंद है। वह मेरे घर आता है, मेरी पत्नी से बात करता है और हम टीवी और यूट्यूब वीडियो देखते हैं। वह मेरे छोटे भाई जैसा है। उन्होंने अंत में कहा कि देखिए, मुझे नहीं पता कि लोग क्या कहते हैं, लेकिन उसके आसपास बहुत ज्यादा प्रोफेशनलिज्म है। लेकिन, वह तो बस एक बच्चा है। इसलिए जब वह मेरे घर आता है तो वह फिर से वही बच्चा बन जाता है।
Published on:
03 May 2026 02:17 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
