
जो रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन 99 रन ठोके (Photo - ESPNcricinfo)
Joe Root, India vs England 3rd Test: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट जबरदस्त फॉर्म में हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बनाने के करीब हैं। रूट अब तक अपने टेस्ट करियर में 36 शतक लगा चुके हैं। लॉर्ड्स में चल रहे तीसरे टेस्ट में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 99 रन बनाए हैं। अगर वह एक रन और बना लेते हैं, तो उनका 37वां टेस्ट शतक पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही वह राहुल द्रविड़ और स्टीव स्मिथ जैसे दिग्गजों से आगे निकल जाएंगे।
जो रूट की गिनती मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज़ों में होती है। इस शतक को पूरा करते ही रूट सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले एक्टिव खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले दिग्गजों की लिस्ट में वे पांचवे नंबर पर आ जाएंगे। राहुल द्रविड़, जिन्हें 'द वॉल' के नाम से जाना जाता है, ने अपने करियर में 36 शतक लगाए थे, जबकि स्टीव स्मिथ भी अपने टेस्ट करियर में अबतक 36 शतक लगा चुके हैं।
| खिलाड़ी | टेस्ट शतक |
|---|---|
| सचिन तेंदुलकर | 51 |
| जैक कैलिस | 45 |
| रिकी पोंटिंग | 41 |
| कुमार संगकारा | 38 |
| जो रूट (1 रन दूर) | 36 |
| स्टीव स्मिथ | 36 |
| राहुल द्रविड़ | 36 |
टेस्ट मैचों में सबसे अधिक 51 शतक मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है। उनके बाद दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस का नाम आता है। कैलिस के नाम 45 टेस्ट शतक हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने अपने टेस्ट करियर में 41 शतक लगाए थे। वहीं चौथे स्थान पर श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा हैं। संगकारा के नाम 38 टेस्ट शतक हैं।
इसके अलावा रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ सकते हैं। द्रविड़ ने अपने टेस्ट करियर में 164 मैचों की 286 पारियों में 52.31 की शानदार औसत से 13288 रन बनाए हैं। वहीं रूट अबतक 156 मैचों की 284 पारियों में 51.02 की औसत से 13214 रन बना चुके हैं। अगर वे यहां से 75 रन और बना लेते हैं तो द्रविड़ को इस मामले में भी पछाड़ देंगे और चौथे सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
| रैंक | खिलाड़ी | रन | मैच | पारी | औसत |
|---|---|---|---|---|---|
| 1 | सचिन तेंदुलकर | 15921 | 200 | 329 | 53.78 |
| 2 | रिकी पोंटिंग | 13378 | 168 | 287 | 51.85 |
| 3 | जैक कैलिस | 13289 | 166 | 280 | 55.37 |
| 4 | राहुल द्रविड़ | 13288 | 164 | 286 | 52.31 |
| 5 | जो रूट | 13214 | 156 | 284 | 51.02 |
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर के नाम हैं। सचिन ने 200 मैचों की 329 पारियों में 53.78 की बेहतरीन औसत के साथ 15921 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर पोंटिंग का नाम आता है। पोंटिंग ने 168 मैचों की 287 पारियों में 51.85 की औसत के साथ 13378 रन बनाए हैं। वहीं कैलिस ने 166 मैचों की 280 पारियों में 55.37 के औसत से 13289 रन बनाए हैं। ऐसे में अगर रूट आज 75 रन बनाते हैं तो द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे और 76 रन बनाते हैं तो जैक कैलिस को।
Updated on:
11 Jul 2025 09:13 am
Published on:
11 Jul 2025 09:10 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
