
श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में पिछले सीजन का प्रदर्शन दोहराने में सफल रहेंगे। अय्यर ने आईपीएल 2025 में खेले 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 604 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन पिछले सीजन में शानदार रहा था। टीम फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी।
आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में पंजाब ने कूपर कोनोली और बेन ड्वारशुइस को अपनी टीम में शामिल किया है। पठान का मानना है कि अय्यर अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं और उनके पास इस सीजन दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत की टी20 टीम में जगह बनाने का अच्छा मौका होगा।
पठान ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “मुझे पक्का नहीं पता कि श्रेयस अय्यर आईपीएल को टी20 टीम में वापसी के मंच के तौर पर इस्तेमाल करने के बारे में सोच रहे होंगे। अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए टी20 क्रिकेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। हां, यह एक अलग फ्रेंचाइजी थी, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम के लिए भी बढ़िया प्रदर्शन करके दिखाया है। जहां तक भारतीय टीम की बात है, तो वह वनडे क्रिकेट में बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि टीम इंडिया के टी20 सेटअप में उनके लिए जगह है और वह इस बात को जानते हैं।”
पठान ने पिछले सीजन के प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अय्यर के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, “मुंबई के खिलाफ क्वालीफायर में खेली गई वह पारी, मुझे अभी भी जसप्रीत बुमराह के खिलाफ उनका थर्ड मैन की दिशा में खेला गया शॉट याद है। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि क्या वह इस सीजन में भी वही प्रदर्शन दोहरा सकते हैं। मुझे विश्वास है कि वह ऐसा करेंगे।”
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने पंजाब टीम को संतुलित बताया। उन्होंने कहा कि श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य के होने से टीम का टॉप ऑर्डर मजबूत नजर आता है। टीम के पास मध्यक्रम में नेहल वढेरा और शशांक सिंह जैसे बल्लेबाज हैं, जबकि फिनिशर के तौर पर मार्कस स्टोइनिस मौजूद हैं।
पठान ने कहा कि मिचेल ओवेन की फॉर्म पंजाब के लिए काफी अहम रहेगी। उन्होंने कहा, “अगर ओवेन चल गए, तो टीम के लिए गेंदबाजी संयोजन चुनना आसान हो जाएगा।” उनकी नजर में तेज गेंदबाज के तौर पर अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन और मार्को जानसेन सबसे अच्छे विकल्प होंगे। पंजाब के पास अच्छे बैकअप खिलाड़ी भी हैं। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स अपने अभियान का आगाज 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगी।
Published on:
17 Mar 2026 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
