
IPL 2018 : कोहली का डिविलियर्स के कैच पर बयान, कहा वे इंसान नहीं स्पाइडरमैन हैं
नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच में अब्राहम डिविलियर्स ने एक ऐसा कैच लिया जिसे देख सब हैरान रह गए। मैच के बाद जब इस कैच के बारे में कोहली से पूछा गया तो उन्होंने डिविलियर्स की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जो कैच पकड़ा वह स्पाइडरमैन के कारनामे जैसा था। बेंगलोर ने गुरुवार रात इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद को 14 रनों से हरा दिया।
हवा में उड़ते हुए लपका कैच
मैच के दौरान इंग्लिश बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने मोइन अली की गेंद पर जोरदार हवाई शॉट मारा था जिसे हवा में उड़ते हुए एबी डीविलियर्स ने लपक लिया। मैच के बाद कप्तान कोहली ने भी डीविलियर्स की जम कर तारीफ करते हुए कहा "डिविलियर्स ने बिल्कुल स्पाइडरमैन के जैसे उड़कर कैच लिया। आप आम इंसान होते हुए ऐसा नहीं कर सकते। उनके शाट मुझे अचंभित करते रहते हैं। उनकी फील्डिंग अविश्वसनीय है। घर में यह हमारा आखिरी मैच था और यह शानदार रहा।"
राजस्थान को भी इसी विश्वास से हराएंगे
कप्तान ने टीम की जीत को लेकर कहा, "पहले भी ऐसे कई मैच देखे हैं। हमें शांत रहने की जरूरत होती है। एक समय बाद आपको समझ जाना चाहिए कि गेंदबाज जो करना चाहता है, उस पर उसका नियंत्रण है। हमारे दो मैच ऐसे ही बीते। हमने जीत की लय हासिल है और इसी विश्वास के साथ हम राजस्थान जाएंगे।"
अभी भी प्लेऑफ में जाने की उम्मीद
इस मैच में बेंगलोर ने हैदराबाद को 14 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलोर ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। इस जीत के बाद बेंगलोर आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर आ गई है। उसके 13 मैचों में 12 अंक हैं। मुंबई और राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के भी 12-12 अंक हैं। प्लेऑफ में जाने के लिए बेंगलोर को राजस्थान के खिलाफ शनिवार को होने वाला मैच हर हाल में जीतने के अलावा दूसरी टीमों के हारने की भी दुआ करनी होगी।
Published on:
18 May 2018, 3:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.