12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG: अक्षर और कुलदीप की फिरकी में फंसा इंग्लैंड, भारत ने 68 रन से हरा 10 साल बाद फ़ाइनल में बनाई जगह

भारत ने इंग्लैंड के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवर में मात्र 103 रन पर ढेर हो गई। भारत ने इस जीत के साथ 10 साल बाद फ़ाइनल में जगह बनाई है।

2 min read
Google source verification
IND vs ENG Head to Head Stats

India vs England, Semifinal, T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप 2024 का दूसरा सेमीफाइनल मुक़ाबला भारत और गत चैम्पियन इंग्लैंड के बीच खेला गया। गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्ले से और फिर गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 68 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फ़ाइनल में जगह बना ली है। जहां 29 जून को उनका मुक़ाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने इंग्लैंड के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवर में मात्र 103 रन पर ढेर हो गई। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने 19 गेंद पर 25, कप्तान जोस बटलर ने 15 गेंद पर 23 और जोफरा आर्चर ने 15 गेंद पर 21 रन बनाए। इंग्लैंड के सात बल्लेबाज दहाई का अंकाड़ा भी नहीं छू पाये।

भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट झटके। अक्षर पटेल ने भी चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट लिए। इन दोनों के अलावा जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट झटके। अक्षर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

इससे पहले भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 171 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 39 गेंद पर 57 रनों की पारी खेली। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंद पर 47 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। भारत ने इस जीत के साथ 10 साल बाद फ़ाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2014 में फ़ाइनल खेला था। जहां उन्हें श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

यह तीसरी बार है जब भारतीय टीम टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेलेगी। इससे पहले टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में 2007 और 2014 में फाइनल में प्रवेश किया था। भारत को 2007 में जीत मिली थी।