
LIVE Eng vs Ind Test : इंग्लैंड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, विहारी को मिला मौका
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच इस समय लंदन के ओवल मैदान में खेला जा रहा है। इस मैच में दोनों टीमों की पहली पारी समाप्त हो चुकी है। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान इंग्लैंड के 332 रनों के जवाब में भारत की पहली पारी 292 रन बना कर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड के पास 40 रनों की बढ़त हासिल है।
मैच का ताजा हाल-
इस समय इंग्लैंड की दूसरी पारी का आगाज हो चुका है। एलिस्टर कुक अपने क्रिकेट करियर की आखिरी पारी खेलने मैदान में उतर चुके है। दूसरी पारी में भारत को पहली सफलता मोहम्मद शमी ने दिलाई। शमी ने सलामी बल्लेबाज कीटन जेनिंग्स को 10 के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। भारत को दूसरी सफलता रवींद्र जडेजा ने दिलाई। जडेजा ने मोईन अली को 20 के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। इस समय एलिस्टर कुक और कप्तान जोए रूट बल्लेबाजी कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 75 रन है।
जडेजा की बेहतरीन बल्लेबाजी-
इस मैच में शानदार गेंदबाजी के बाद रवींद्र जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी भी की। शुरुआती चार टेस्ट मैचों में भारत की अंतिम एकादश से बाहर रहने वाले रवींद्र जडेजा ने आज अर्धशथक जमाया। जडेजा 86 रन बना कर नाबाद रहे। जडेजा और बुमराह के बीच अंतिम विकेट के लिए 32 रनों की कीमती साझेदारी हुई। भारत का अंतिम विकेट जसप्रीत बुमराह के रूप में गिरा। बुमराह बिना कोई रन बनाए रन आउट हुए।
पहले सत्र के खेल का हाल-
आज के दिन का पहला सत्र भारत के नजरिए से अच्छा रहा। इस सत्र में भारत ने 66 रन बनाए। सबसे खास बात यह रही कि हनुमा विहारी और रवींद्र जडेजा ने सातवें विकेट के लिए 77 रनों की बहुमुल्य साझेदारी निभाई।अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हनुमा विहारी शानदार अर्धशतक लगा कर आउट हुए। हालांकि दूसरे छोर से रवींद्र जडेजा की बल्लेबाजी जारी रही।
भारतीय टीम की ख़राब बल्लेबाजी
इससे पहले, इंग्लैंड को 332 रन पर ऑलआउट करने के बाद अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत सही नहीं रही। मेहमान टीम को छह रन के स्कोर पर ही शिखर धवन (3) के रूप में पहला झटका लगा। धवन को स्टुअर्ट ब्रॉड ने पगबाधा आउट किया। इसके बाद लोकेश राहुल (37) और चेतेश्वर पुजारा (37) ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की। राहुल टीम के 70 स्कोर पर सैम कुरेन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 53 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए। राहुल के आउट होने के बाद पुजारा ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़े।
कोहली अर्धशतक से चूके -
पुजारा टीम के 101 के स्कोर पर तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। पुजारा को जेम्स एंडरसन ने विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। उन्होंने 101 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए। पुजारा के आउट होते ही अजिंक्य रहाणे आठ गेंदों पर खाता खोले बिना टीम के 103 के स्कोर पर चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। रहाणे के सस्ते में निपटने के बाद कप्तान कोहली (49) ने विहारी के साथ पांचवें विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। कोहली अपने अर्धशतक बनाने से चूक गए। उन्होंने 70 गेंदों की पारी में छह चौके लगाए। उन्हें बेन स्टोक्स ने कप्तान जोए रूट के हाथों लपकवाया। कोहली टीम के 154 के स्कोर पर आउट हुए।
Updated on:
9 Sep 2018, 10:07 PM IST
Published on:
9 Sep 2018, 3:37 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.