9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPL 2023 : मार्क वुड की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने दिल्ली ढेर, लखनऊ ने 50 रन से जीता मैच

IPL 2023 LSG vs DC : लखनऊ सुपर जाएंट्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कप्तान डेविड वॉर्नर के शानदार अर्धशतक के बावजूद इस लक्ष्य को नहीं पा पाई। दिल्ली निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी।

2 min read
Google source verification
lsg.png

IPL 2023 Lucknow Super Giants vs Delhi Capitals: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वे सीजन का तीसरा मुक़ाबला लखनऊ सुपर गइंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 50 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। यह दिल्ली की लखनऊ के खिलाफ लगातार तीसरी हार है।


लखनऊ सुपर जाएंट्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। लखनऊ के लिए वेस्टइंडीज के कायेल मेयर्स ने 38 गेंद पर सर्वाधिक 73 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कप्तान डेविड वॉर्नर के शानदार अर्धशतक के बावजूद इस लक्ष्य को नहीं पा पाई। दिल्ली निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी। वॉर्नर ने 48 गेंद पर 56 रन की बेहतरीन पारी खेली। लखनऊ के लिए मार्क वुड ने पांच विकेट झटके।

193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने धमाकेदार शुरुआत की। टीम ने पहले चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 40 रन बनाए। लेकिन तभी मार्क वुड ने कहर बरपा दिया। उन्होंने पारी के पांचवें ओवर में लगातार दो गेंद पर दो विकेट लिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर पहले पृथ्वी शॉ और फिर चौथी गेंद पर मिचेल मार्श को क्लीन बोल्ड किया। पृथ्वी ने नौ गेंद पर 12 रन बनाए। उन्होंने दो चौके लगाए। पृथ्वी ने वॉर्नर के साथ 27 गेंद पर पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। शानदार फॉर्म में चल रहे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श उनके बाद बल्लेबाजी के लिए। वह मार्क वुड की गेंद को समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए।

मार्क वुड ने अपने दूसरे और पारी के सातवें ओवर में लखनऊ सुपर जाएंट्स को तीसरी सफलता दिलाई। वुड ने सरफराज खान को कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच कराया। सरफराज ने मार्क वुड की बाउंसर की पहले छोड़ने का प्लान बनाया, लेकिन अंत में उन्होंने बल्ला लगा दिया। गेंद थर्ड मैन की तरफ गौतम के हाथों में चली गई।

दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका रवि बिश्नोई ने दिया। उन्होंने 12वें ओवर की अंतिम गेंद पर रिले रूसो को आउट कर दिया। रूसो 20 गेंद पर 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कायेल मेयर्स ने उनका कैच लिया। उन्होंने तीन चौके और एक सिक्स लगाया। लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांचवीं सफलता रवि बिश्नोई ने दिलाई। उन्होनें 14वें ओवर की चौथी गेंद पर रोवमन पॉवेल को एलबीडब्ल्यू कर दिया। पॉवेल तीन गेंद पर एक रन बनाकर आउट हुए।

लखनऊ सुपर जाएंट्स को सबसे बड़ी सफलता आवेश खान ने दिलाई। उन्होंने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर को आउट कर दिया। वॉर्नर 48 गेंद पर 56 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ के लिए मार्क वुड के अलावा आवेश खान और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए।