
स्कॉटलैंड बनाम इटली (फोटो- ICC)
T20 World Cup 2026, SCO vs ITA Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सातवें मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रन से हरा दिया। यह स्कॉटलैंड वही टीम है जिसे बांग्लादेश की जगह खेलने का मौका मिला था। टी20 वर्ल्ड कप में इटली ने अपना डेब्यू किया, लेकिन शुरुआत यादगार नहीं रही और वे इस मुकाबले को भूलना चाहेंगे। मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 207 रन बनाए। 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम सिर्फ 134 रन पर ढेर हो गई।
इस मुकाबले में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। स्कॉटलैंड की शुरुआत बेहद शानदार रही और पहले विकेट के लिए दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 14 ओवर में 126 रन जोड़ लिए। हालांकि, इसी ओवर में जॉर्ज मुनसे 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 54 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 13 चौके और दो छक्के लगाए।
इसके बाद माइकल जोन्स 30 गेंदों में 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं ब्रैंडन मैकमुलेन ने 18 गेंदों में तूफानी पारी खेलते हुए 41 रन बनाए। आखिर में माइकल लीस्क ने 5 गेंदों का सामना किया और दो चौके-दो छक्के लगाते हुए 22 रन ठोके, जिससे स्कॉटलैंड 200 के पार पहुंचने में सफल रहा। इटली के लिए अली हसन, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्राका और जोन स्मट्स ने एक-एक विकेट चटकाए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत खराब रही और पहली ही गेंद पर जस्टिन मोस्का आउट हो गए। इसके बाद एंथोनी मोस्का और जोन स्मट्स भी जल्दी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद हैरी मेनेंटी और बेन मेनेंटी के बीच अच्छी साझेदारी हुई। मेनेंटी ब्रदर्स ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। हैरी ने 25 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि बेन ने 31 गेंदों में 52 रन की पारी खेली। इन दोनों के आउट होने के बाद इटली की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ स्कॉटलैंड अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि इटली इस ग्रुप में आखिरी स्थान पर है। इस हार के साथ इटली का जीत के साथ आगाज करने का सपना भी टूट गया।
Updated on:
09 Feb 2026 04:37 pm
Published on:
09 Feb 2026 04:27 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 World Cup 2026
