
जसप्रीत बुमराह और माइकल क्लार्क (Photo - IANS)
Michael Clarke praises Jasprit Bumrah: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान माइकल क्लार्क ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। क्लार्क का मानना है कि बुमराह सिर्फ एक गेंदबाज नहीं, बल्कि एक फ्रीक यानी असाधारण खिलाड़ी हैं। उन्होंने साफ कहा कि बुमराह के पास वो हुनर है जो उन्हें पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे महान गेंदबाजों से भी आगे खड़ा करता है। क्लार्क के मुताबिक, बुमराह अकेले दम पर मैच पलटने की ताकत रखते हैं और यही उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा मैच विनर बनाता है।
क्लार्क ने बुमराह की सबसे बड़ी खासियत उनके स्किल एग्जीक्यूशन यानी योजना को लागू करने को बताया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर बुमराह की रफ्तार की बात करते हैं, लेकिन उनके पास गेंदबाजी के इतने विकल्प हैं जो शायद ही किसी और गेंदबाज के पास हों। क्लार्क के शब्दों में, 'बुमराह की सबसे खास बात यह है कि वह 100 में से 99 बार अपनी योजना को बिल्कुल सटीक तरीके से मैदान पर उतारते हैं।' वे पिच को पढ़कर अपनी रणनीति बदलने में माहिर हैं।
माइकल क्लार्क ने एक बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आपने कभी कमिंस, स्टार्क या हेजलवुड को सिर्फ अपनी स्लोअर बॉल्स (धीमी गेंदों) के दम पर मैच जिताते देखा है? बुमराह की धीमी गेंद हवा में अपना रास्ता बदल लेती है, जैसे बेसबॉल में कर्वबॉल होती है। क्लार्क ने माना कि 145 किमी की रफ्तार, गेंद को स्विंग कराने का हुनर और दुनिया की सबसे घातक यॉर्कर का जो मेल बुमराह के पास है, वो किसी और के पास नहीं।
क्लार्क ने बुमराह की तुलना श्रीलंका के दिग्गज लसिथ मलिंगा से की। उन्होंने कहा कि मलिंगा की तरह ही बुमराह का एक्शन और सटीक यॉर्कर बल्लेबाजों के लिए एक अनसुलझी पहेली है। चाहे नई गेंद से शुरुआत करनी हो या डेथ ओवर्स में रन रोकने हों, बुमराह का कंट्रोल उन्हें आज के दौर का नंबर-1 गेंदबाज बनाता है। क्लार्क के मुताबिक, स्किल के मामले में बुमराह इस वक्त पूरी दुनिया में एक अलग ही लेवल पर हैं।
Updated on:
14 Mar 2026 11:13 am
Published on:
14 Mar 2026 11:13 am
