
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बांग्लादेशी ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज एक-दूसरे से भिड़ गए। (photo - IANS)
Mitchell Starc vs Mehidy Hasan Miraz, Australia vs Bangladesh, 1st Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन मैदान पर गरमागरमी देखने को मिली। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और बांग्लादेशी ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज एक-दूसरे से भिड़ गए। मामला बिगड़ता देख अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा।
दूसरे दिन का आखिरी सेशन चल रहा था और बांग्लादेश 100 से ज्यादा रन की लीड लेकर फ्रंट फुट पर थी। तभी बांग्लादेश की पहली पारी के 103वें ओवर में स्टार्क और मिराज आपस में भिड़ गए। विवाद पिच के डेंजर एरिया में चलने को लेकर शुरू हुआ। स्टार्क ने अपने ओवर की पांचवीं गेंद ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ डाली, जिसे मिराज ने शॉर्ट थर्ड मैन की दिशा में खेल दिया। जब मिराज रन दौड़ने के लिए आगे बढ़े तो वे पिच के उस हिस्से से गुजरते दिखाई दिए, जिसे गेंदबाजों और बल्लेबाजों के फुटमार्क से बचाने के लिए संरक्षित रखा जाता है।
यह देख स्टार्क नाराज हो गए और उन्होंने मिराज से गुस्से में कुछ कहा। स्टंप माइक में सुनाई दिया कि स्टार्क ने कहा, “विकेट से हटो, यह मेरा फॉलो-थ्रू है, तुम्हारा नहीं।” इस पर मिराज ने भी उन्हें पलटकर कुछ कहा और आगे बढ़ गए। इसके बाद स्टार्क उनकी तरफ बढ़े और दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे से बहस करने लगे। मामला बिगड़ता देख ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना वहां पहुंच गए और दोनों को अलग किया।
दूसरे दिन की समाप्ति के समय बांग्लादेश ने 153 रन की बढ़त बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बांग्लादेश ने दूसरे दिन का खेल 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन से शुरू किया था। पूरे दिन बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
बांग्लादेश की तरफ से दो बेहतरीन पारियां देखने को मिलीं। सलामी बल्लेबाज तंजिह हसन ने 197 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। हसन ने अपने दूसरे ही टेस्ट में पहला शतक जड़ा। इसके अलावा कप्तान नजमुल हसन शांतो ने 84 रन की पारी खेली। शांतो शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी बांग्लादेश को बढ़त दिलाने में अहम रही।
मोमिनुल हक 49 और मुशफिकुर रहमान 36 रन बनाकर आउट हुए। मेहदी हसन मिराज 32 और हसन महमूद 13 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश ने दिन की समाप्ति तक 6 विकेट पर 351 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर 153 रन की बढ़त ले ली है।
वार्म-अप मैच में निराशाजनक बल्लेबाजी की वजह से आलोचना का शिकार हुई बांग्लादेश ने अपनी बल्लेबाजी से अब ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को हैरान कर दिया है और अपने क्रिकेट फैंस को खुशी दी है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को 2-2 विकेट मिले हैं, जबकि कप्तान पैट कमिंस और नाथन ल्योन ने 1-1 विकेट लिया है। ऑस्ट्रेलिया अब तक 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल कर चुका है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी पहले दिन 198 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सर्वाधिक 71 रन की पारी पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने खेली थी।
Updated on:
14 Aug 2026 04:06 pm
Published on:
14 Aug 2026 04:06 pm
