
Mumbai Indians vs Gujarat Titans IPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 का 57वां मुक़ाबला मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस ने विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के तूफानी शतक की मदद से गुजरात टाइटंस को 219 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए हैं। मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है। सूर्य ने 49 गेंद पर छह सिक्स और 11 चौके की मदद से नाबाद 103 रन बनाए हैं। उनके अलावा ईशान किशन ने 31 और विष्णु विनोद ने 30 रन की पारी खेली है। गुजरात के लिए राशिद खान ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट झटके हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान रोहित शर्मा और सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। पावरप्ले के बाद राशिद खान ने गुजरात को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने रोहित शर्मा को स्लिप में राहुल तेवतिया के हाथों कैच आउट कराया। रोहित शर्मा 18 गेंद में 29 रन बनाए।
इसके तुरंत बाद 66 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का दूसरा विकेट गिरा। ईशान किशन 20 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। राशिद खान ही ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। राशिद ने एक ही ओवर में मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर मैच में गुजरात की वापसी कराई।
88 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का तीसरा विकेट गिरा। नेहल वधेरा सात गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक सिक्स लगाया। राशिद खान की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। अब सूर्यकुमार यादव के साथ विष्णु विनोद क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 96 रन है।
153 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का चौथा विकेट गिरा। विष्णु विनोद 20 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो सिक्स लगाए। मोहित शर्मा की गेंद पर अभिनव मनोहर ने उनका कैच पकड़ा। इसी बीच सूर्यकुमार यादव ने 32 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। 164 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का पांचवां विकेट गिरा। टिम डेविड तीन गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए। राशिद खान ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और कैमरून ग्रीन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। गुजरात के लिए राशिद खान के अलावा मोहित शर्मा ने एक विकेट लिया।
Published on:
12 May 2023 09:26 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
