
आरसीबी ने मुंबई को दिया 241 रनों का लक्ष्य (photo - IPL)
Mumbai Indians vs Royal Challengers Bengaluru, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 10वां मुकाबला पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में बेंगलुरु ने सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट और कप्तान रजत पाटीदार की ताबड़तोड़ पारियों की मदद से मुंबई के सामने 241 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को फिल साल्ट और विराट कोहली ने दमदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 10.5 ओवर में 120 रन जोड़े। साल्ट आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए और उन्होंने महज 36 गेंदों में 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 78 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में साल्ट ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, दूसरे छोर पर कोहली एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए, और उन्होंने 38 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए।
कप्तान रजत पाटीदार ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की शानदार पारी खेली। रजत ने अपनी इस पारी में 265 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 5 छक्के लगाए। जितेश शर्मा 9 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 10 रन ही बना सके। हालांकि, अंत के ओवरों में टिम डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 212 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 34 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड 2 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एमआई की ओर से ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट चटकाया।
आरसीबी ने एमआई के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। जोश हेजलवुड की जगह पर टीम में जैकब डफी को शामिल किया गया है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने दो बदलाव किए हैं। दीपक चाहर की जगह पर मयंक मारकंडे को टीम में जगह दी गई है, जबकि अल्लाह गजनफर के स्थान पर मिचेल सैंटनर को मौका मिला है।
Updated on:
12 Apr 2026 09:51 pm
Published on:
12 Apr 2026 09:39 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
