
इंग्लैंड में जमकर बोला मुरली विजय का बल्ला, एसेक्स काउंटी के लिए खेलते हुए जड़ा अर्धशतक
नई दिल्ली। भारतीय सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने लम्बे समय बाद इंग्लैंड में बड़ी पारी खेली है। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप डिवीज़न वन में एसेक्स के लिए खेलते हुए नॉटिंघमशायर के खिलाफ सोमवार को अर्धशतक जड़ा। विजय इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम से खेलते हुए रन बनाने में नाकामयाब रहे थे जिस कारण उनको आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए टीम में नहीं चुना गया था। इसके बाद उनका करार काउंटी चैंपियनशिप की डिवीज़न वन की टीम एसेक्स के साथ हुआ, वह इस सत्र में बाकी बचे 3 मैचों के लिए टीम के साथ जुड़े हैं।
विजय ने जड़ा अर्धशतक-
नॉटिंघमशायर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन पर ऑल आउट हो गई थी जिसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी एसेक्स के सलामी बल्लेबाज विजय और निक ब्राउन(24) ने पहले विकेट के लिए ट्रेंट ब्रिज मैदान पर 56 रन जोड़े। हालांकि एसेक्स अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई और पहले दिन स्टंप्स तक 135 पर 5 विकेट खो दिए। विजय ने 95 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों के साथ 56 रन बनाए। नॉटिंघमशायर के लिए लिंडन जेम्स ने 3 विकेट झटके।
इंग्लैंड दौरे पर रहा था खराब प्रदर्शन-
मुरली विजय ने भारत के लिए ओपनिंग करते हुए 2 मैचों की 4 इनिंग में 26 रन बनाए थे। दूसरे मुकाबले की दोनों इनिंग में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। पहले मैच में जहां उनको सैम कुरन और स्टुअर्ट ब्रॉड ने शिकार बनाया था वहीं दूसरे मैच की दोनों इनिंग में वह जेम्स एंडरसन का शिकार हुए थे।
एसेक्स का इस साल प्रदर्शन-
एसेक्स ने इस साल 4 मैच गंवाए, इतने ही मैच उन्होंने जीते भी हैं। वह इस सत्र में अभी 11 मैच खेल चुके हैं। इस सत्र में अभी 3 मैच और बाकी हैं। एसेक्स की टीम अभी अंक तालिका में 121 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है वह टॉप पर चल रही सरे से 97 अंक पीछे है।
एसेक्स के लिए खेलने वाले तीसरे भारतीय-
मुरली विजय एसेक्स के लिए खेलने वाले तीसरे भारतीय क्रिकेटर होंगे। हरभजन सिंह और गौतम गंभीर एसेक्स के लिए पेहले खेल चुके हैं। विजय के साथ ओवल टेस्ट के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहे एलिस्टर कुक भी इस टीम का हिस्सा होंगे। एसेक्स इन दोनों के साथ अपने औसत प्रदर्शन को सुधारते हुए टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी।
Published on:
11 Sep 2018, 12:06 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.