
बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान। (फोटो सोर्स: IANS)
Mustafizur Rahman, Lahore Qalandars, PSL: बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से हटने के बाद अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलते हुए नज़र आएंगे। फ्रेंचाईजी लाहौर क़लंदर्स ने उन्हें ऑक्शन से पहले डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट के तहत अपनी टीम में शामिल कर लिया है।
PSL फ्रेंचाइज़ी ने गुरुवार को इस डायरेक्ट साइनिंग का ऐलान किया। लाहौर क़लंदर्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "हमारे बांग्लादेशी भाई मुस्तफिज़ुर, जिन्हें 2016 और 2018 में चुना गया था, अब हमारी डायरेक्ट साइनिंग हैं और आखिरकार परिवार में वापस आ गए हैं। एक बार क़लंदर, हमेशा क़लंदर।”
हालांकि, इस डील में मुस्तफिज़ुर को आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट के मुकाबले क़रीब 77 फीसदी कम रकम मिलेगी। डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी के लिए जाने जाने वाले इस पेसर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिसंबर में हुई आईपीएल मिनी नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल 2026 सीज़न के लिए कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी भी थे।
वहीं लाहौर क़लंदर्स के साथ उन्हें 6.44 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मिलेंगे, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.08 करोड़ रुपये बैठते हैं। यानी उन्हें करीब 77.4 फीसदी की भारी-भरकम सैलरी कटौती झेलनी पड़ेगी। भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच BCCI ने 3 जनवरी को केकेआर को निर्देश दिया था कि वह मुस्तफिज़ुर को टीम से रिलीज़ कर दे। इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई।
इसके जवाब में बांग्लादेश ने देश में आईपीएल प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया, जबकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ICC से अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की। ICC ने इस अपील को बार-बार खारिज किया और यहां तक कि एक स्वतंत्र जांच भी कराई, जिसमें उन सभी वेन्यूज़ पर किसी भी तरह के खतरे से इनकार किया गया। बावजूद इसके, BCB अपने रुख पर अड़ा रहा। आख़िरकार आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया।
यह दूसरी बार होगा जब मुस्तफिज़ुर PSL में खेलते नज़र आएंगे। इससे पहले वह 2017–18 सीज़न में भी लाहौर क़लंदर्स का हिस्सा रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने पांच मैचों में चार विकेट लिए थे और उनका इकॉनमी रेट महज़ 6.43 का रहा था।
Updated on:
06 Feb 2026 09:04 am
Published on:
06 Feb 2026 09:04 am
