28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ओपनर्स के दम पर पाकिस्तान ने किया टी20 वर्ल्डकप में बड़ा कारनामा, जगा दी सेमीफाइनल की उम्मीद

Pakistan vs Sri Lanka: सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान की धमाकेदार पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ 212 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

2 min read
Google source verification
Sahibzada farhan

साहिबजादा फरहान (फोटो-IANS)

T20 World Cup 2026, PAK vs SL: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 50वें मुकाबले में पाकिस्तान ने फखर जमान और साहिबजादा फरहान की शानदार साझेदारी के दम पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में श्रीलंका के खिलाफ जीत के लिए 213 रन का टारगेट रखा है। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 212 बनाए, जो उनका टी20 वर्ल्डकप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2016 में बांग्लादेश के खिलाफ 201 रन का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज था। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को यह मैच कम से कम 65+ रनों के अंतर से जीतना होगा।

इससे पहले पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पाकिस्तानी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। साहिबजादा फरहान और फखर जमान बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे, जिन्होंने 15.5 ओवरों में 176 रन की साझेदारी की। फखर जमान 42 गेंदों में 4 छक्कों और 9 चौकों के साथ 84 रन बनाकर आउट हुए। यहां से टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। ख्वाजा नफे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जो 3 गेंदों में महज 2 ही रन टीम के खाते में जोड़ सके।

फरहान ने वर्ल्डकप में जड़ी दूसरी सेंचुरी

हालांकि, इस बीच साहिबजादा फरहान ने मोर्चा संभालते हुए शतक लगाया, जो टी20 वर्ल्ड कप में उनकी दूसरी सेंचुरी रही। साहिबजादा 60 गेंदों में 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी के साथ पाकिस्तान ने 200 का आंकड़ा पार किया। मगर दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे और टीम 20 ओवरों के खेल तक 8 विकेट गंवाकर 212 रन ही बना सकी। श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दासुन शनाका ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट दुष्मंथा चमीरा ने हासिल किया।

बाबर-सैम को किया बाहर

पाकिस्तानी टीम इस मुकाबले में तीन बदलावों के साथ उतरी है। बाबर आजम, सैम अयूब और सलमान मिर्जा इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। सलमान आगा की कप्तानी में पाकिस्तान साहिबजादा फरहान, फखर जमान, ख्वाजा नफे, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद और उस्मान तारिक के साथ यह मैच खेल रही है।

दूसरी ओर, दासुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंकाई टीम पथुम निसांका, कामिल मिसारा (विकेटकीपर), चरित असलांका, पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लालागे, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका के साथ मैदान पर उतरी है।