
मोहसिन नकवी, पीसीबी और एसीसी अध्यक्ष (Photo
Champions Trophy 2025 का आयोजन पाकिस्तान में होगा या हाइब्रिड मॉडल पर या फिर किसी अन्य देश को इसकी मेजबानी सौंपी जाएगी। इसको लेकर शुक्रवार 29 नवंबर को ICC बोर्ड सदस्यों की बैठक होने जा रही है लेकिन इससे ठीक पहले गुरुवार को PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी समानता का अधिकार मांगते हुए बड़ा दांव खेल दिया है। उन्होंने कहा है कि हम भारत जाकर खेलें और जब भारत की बारी आए तो वह पाकिस्तान में खेलने से मना कर दे, ये हमें गंवारा नहीं है। नकवी ने भरोसा जताया कि बैठक में फैसला पाकिस्तान के हित में लिया जाएगा। हम सरकार के निर्देश के बाद चैंपियस ट्रॉफी पर अंतिम फैसला लेंगे।
इस दौरान मोहसिन नकवी ने ये भी पुष्टि की कि बीसीसीआई ने उन्हें पाकिस्तान नहीं आने के बारे में कोई लिखित संदेश नहीं भेजा। नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- मैं लगातार आईसीसी अध्यक्ष के संपर्क में हूं और उनसे मेरी टीम लगातार बात कर रही है। हम अपने रुख पर स्पष्ट हैं। हमें यह कतई स्वीकार नहीं कि हम भारत में खेलें और वे हमारे यहां क्रिकेट नहीं खेलें। अब सब समानता के आधार पर ही होगा। इस संबंध में हमने आईसीसी को भी स्पष्ट बता दिया है। आगे की अपडेट हम आपको बताएंगे।
मोहसिन नकवी ने आगे कहा कि हम जो भी करेंगे, हम ये सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि पाकिस्तान को सबसे अच्छा रिजल्ट मिलें लेकिन मैं दोहराता हूं और मुझे पूरा यकीन है कि आप भी समझ गए होंगे। अब ये संभव नहीं है कि हम भारत में खेलें और जब भारत की बारी आए तो वह यहां न आएं।
बता दें कि पाकिस्तान की राजधानी में मौजूदा हालात बेहद खराब हैं। इमरान खान के समर्थकों के बवाल को देखते हुए पाकिस्तान से चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी छीनी जा सकता है। पाकिस्तान में राजनीतिक अशांति के चलते श्रीलंका ए को पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ वनडे सीरीज के बीच से ही वापस लौटना पड़ा है।
Published on:
28 Nov 2024 12:55 pm
