
IPL History
चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL 2020 ) पर कोरोना वायरस का खतरा अभी भी मंडरा रहा है। भले ही बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी तरफ से ये साफ कर दिया हो कि आईपीएल अपने तय समय पर ही होगा, लेकिन अब मामला कोर्ट में पहुंच गया है। दरअसल, आईपीएल को रद्द करने की मांग वाली एक पीआईएल ( PIL ) मद्रास हाईकोर्ट में फाइल की गई है। इस पीआईएल पर 12 मार्च को जस्टिस एमएम सुंद्रेश और कृष्णन रामास्वामी की बेंच सुनवाई करेगी।
याचिका में की गई है ये मांग
जानकारी के मुताबिक, एडवोकेट जी एलेक्स बेंजिगर ने आईपीएल को रद्द करने से संबंधित पीआईएल मद्रास हाईकोर्ट में लगाई है। इस याचिका में कोरोना वायरस की वजह से आईपीएल को रद्द करने की मांग की गई है। याचिका में अपील की है कि हाईकोर्ट केंद्र सरकार को आदेश दे कि वह बीसीसीआई को आईपीएल नहीं कराने का आदेश जारी करे।
इटली में खाली स्टेडियम में कराए जा रहे हैं मैच- याचिकाकर्ता
याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में कहा है कि इटली फेडरेशन लीग, जो देश का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है, वह भी कोरोना वायरस से प्रभावित हुआ है। यहां सरकार ने अप्रैल तक सभी टूर्नामेंट को खाली स्टेडियम में कराने का फैसला किया है। हमें भी आईपीएल को लेकर सख्त कदम उठाने चाहिए। आपको बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के अभी तक 61 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं आईपीएल का आगाज 29 मार्च से हो रहा है।
गांगुली नहीं हैं आईपीएल टालने के मूड में
भले ही ये मामला हाईकोर्ट पहुंच गया हो, लेकिन बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली तो आईपीएल को टालने के मूड में नहीं है। हालांकि कोर्ट का फैसला तो बोर्ड को मानना ही होगा। ऐसे में अब आईपीएल 2020 का भविष्य अब अदालत के हाथों में है।
Updated on:
11 Mar 2020 12:06 pm
Published on:
11 Mar 2020 12:01 pm
