
दो मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका पहुंची टीम इंडिया (Photo: IANS/X/@OfficialSLC)
India vs Srilanka Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है और 7 अगस्त से एनसीसी ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वार्म-अप मैच खेला जाएगा। मौजूदा भारतीय टीम में युवा खिलाड़ी ज्यादा हैं। सिर्फ एक या दो ही खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें टेस्ट क्रिकेट का लंबा अनुभव है।
भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से अपने घर पर टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इन दोनों सीरीज में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए थे और स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए थे। अब श्रीलंका में भी स्पिन ट्रैक देखने को मिलेंगे, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को यहां कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। हालांकि भारत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में रिकॉर्ड बहुत मजबूत है। टीम को टेस्ट में आखिरी हार साल 2015 में मिली थी। यानी पिछले 11 साल से भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अजेय रही है।
लेकिन इस भारतीय टीम की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि टीम में सिर्फ तीन ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके पास श्रीलंका में टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है। 2017 में जब पिछली बार भारतीय टीम टेस्ट सीरीज खेलने श्रीलंका आई थी, तब सलामी बल्लेबाज केएल राहुल, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और स्पिनर कुलदीप यादव उस टीम का हिस्सा थे। राहुल 2015 और 2017 में श्रीलंका दौरे पर आई भारतीय टीम का हिस्सा थे। वहीं, जडेजा साल 2017 में 3-0 से जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे।
भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में मौजूदा रैंकिंग में 48.15 के जीत प्रतिशत के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है। वहीं, श्रीलंका 41.67 के जीत प्रतिशत के साथ छठे नंबर पर काबिज है। भारत को अगर डबल्यूटीसी के फ़ाइनल की रेस में बने रहना है तो उसे यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी।
भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इसके बाद सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा, जिसका आगाज 23 अगस्त से होना है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी।
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।
Updated on:
06 Aug 2026 05:22 pm
Published on:
06 Aug 2026 05:22 pm
