
सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। (photo - espncricinfo)
India vs Sri Lanka Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इसके बाद सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा, जिसका आगाज 23 अगस्त से होना है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025- 2027 के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखने के लिए भारतीय टीम को इस सीरीज को जीतना होगा। भारत इस साइकिल में दक्षिण अफ्रीका से घर पर टेस्ट सीरीज हार चुका है। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज ड्रा रही थी। ऐसे में फ़ाइनल की उम्मीदों को ज़िंदा रखने के लिए यह सीरीज हर हाल में जीतनी होगी।
श्रीलंका और भारत के बीच किसी भी फॉर्मेट में जोरदार टक्कर देखने को मिलती है। आगामी सीरीज भी किसी टीम के लिए आसान नहीं होने वाली है। आइए जानते हैं कि भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में किन तीन बल्लेबाजों ने सर्वाधिक रन बनाए हैं और किन तीन गेंदबाजों ने सर्वाधिक विकेट लिए हैं।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने 1990 से 2010 के बीच 25 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 36 पारियों में 60.45 की शानदार औसत से 1995 रन बनाए हैं। सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ 9 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 203 रन है।
टेस्ट क्रिकेट की बात हो और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का नाम न आए, ऐसा हो सकता है क्या? श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के दूसरे सफल बल्लेबाज पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ हैं। 1997 से 2010 के बीच खेले गए 20 टेस्ट मैचों की 32 पारियों में द्रविड़ ने 48.64 की जोरदार औसत से 1508 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 3 शतक और 9 अर्धशतक लगाए। द्रविड़ का सर्वाधिक स्कोर 177 रन है।
सलामी विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में भारत के तीसरे सफल बल्लेबाज हैं। सहवाग ने 2005 से 2010 के बीच 11 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में 72.88 की औसत से 1239 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 5 शतक और 3 अर्धशतक भी ठोके। सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक भी जड़ा है। उनका सर्वाधिक स्कोर 293 रन है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दिग्गज स्पिनर और पूर्व कप्तान अनिल कुंबले के नाम हैं। 1993 से 2008 के बीच कुंबले ने 18 मैचों की 28 पारियों में 74 विकेट लिए। इस दौरान 59 रन देकर 7 विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है। कुंबले ने श्रीलंका के खिलाफ एक पारी में 5 विकेट की उपलब्धि 4 बार और एक टेस्ट में 10 या उससे अधिक विकेट लेने की उपलब्धि 2 बार हासिल की है।
दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत की तरफ से दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। दाएं हाथ के इस ऑफ स्पिनर ने 2015 से 2022 के बीच 11 टेस्ट मैचों की 21 पारियों में 62 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक पारी में पांच विकेट तीन बार और एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट की उपलब्धि एक बार हासिल की है।
टर्बिनेटर के नाम से मशहूर हरभजन सिंह इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने 1999 से 2015 के बीच 19 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 26 पारियों में 53 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक पारी में पांच विकेट दो बार और एक मैच में 10 या उससे अधिक विकेट की उपलब्धि दो बार हासिल की है।
Published on:
06 Aug 2026 07:50 pm
