
सिकंदर रजा (फोटो- The Hundred X)
MI London vs London Spirit: द हंड्रेड 2026 के 23वें मुकाबले में एमआई लंदन ने लंदन स्पिरिट को चार विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मुकाबले में लंदन स्पिरिट ने 100 गेंदों में 5 विकेट खोकर 160 रन बनाए, जिसमें लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने शानदार 28 गेंदों में अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं डेविड विली और जेम्स कोल्स ने 30+ रनों का योगदान दिया। 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई लंदन ने 65 गेंदों में 97 रन बना लिए थे और यहाँ से जीत मुश्किल लग रही थी, लेकिन फिर सिकंदर रज़ा ने मैदान पर आकर छक्कों की बारिश कर 6 गेंद रहते टीम को चार विकेट से जीत दिला दी।
एमआई लंदन के कप्तान सैम करन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लंदन स्पिरिट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लुआन-ड्रे प्रिटोरियस एक छोर पर जमे रहे, तो दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। जॉनी बेयरस्टो (13), कप्तान लियम लिविंगस्टन (6) और डेवाल्ड ब्रेविस (4) रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद डेविड विली ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए, तो जेम्स कोल्स ने 23 गेंदों में 30 रन बनाए। प्रिटोरियस 28 गेंदों में 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। MI लंदन की ओर से ट्रेंट बोल्ट और नाथन सोउटर ने दो-दो विकेट चटकाए, तो एक विकेट रिचर्ड ग्लीसन को मिला।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई लंदन को ठीक-ठाक शुरुआत मिली। विल जैक्स (18) और जेम्स विंस (15) रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद निकोलस पूरन और सैम करन ने पारी संभाली लेकिन रनरेट ज्यादा तेज नहीं कर सके। दोनों ने 30+ रनों का योगदान दिया। निकोलस दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 25 गेंदों में 39 रन बनाए। वहीं कप्तान सैम करन ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें उन्होंने दो छक्के और दो चौके लगाए।
लेकिन असली काम सिकंदर रज़ा ने किया, जिन्होंने 16 गेंदों में 32 रन बनाए और चार छक्के लगाए, जिससे मैच पूरी तरह से एमआई लंदन के पक्ष में झुक गया। रजा के आउट होने के बाद बचा हुआ काम करन और टॉम टॉम कुरन ने पूरा कर दिया। एमआई लंदन की यह चौथी जीत है और वह अंक तालिका में 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, तो वहीं लंदन स्पिरिट्स की यह पांचवीं हार है और वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।
Updated on:
07 Aug 2026 07:58 am
Published on:
07 Aug 2026 07:58 am
