5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

GT vs RR: ध्रुव जुरैल का ‘मास्टरस्ट्रोक’, इस फैसले की वजह से पलटा मैच, जीत के बाद कप्तान पराग ने बताई वजह

मैच में एक समय ऐसा भी था जब राजस्थान के हाथ से मैच फिसल रहा था। गुजरात को दो ओवर में मात्र 15 रनों की जरूरत थी। तभी विकेट कीपर ध्रुव जुरैल के एक फैसले ने मैच पलट दिया।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Apr 05, 2026

IPL 2026

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच जीतने के बाद जश्न मनाते ध्रुव जुरैल और तुषार देशपांडे (Photo - IPL Official Site)

Dhruv Jurel, Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 9वां मुक़ाबला गुजरात टाइटंस (GT) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया।

राजस्थान ने ऐसे पलटा मैच

मैच में एक समय ऐसा भी था जब राजस्थान के हाथ से मैच फिसल रहा था। गुजरात को दो ओवर में मात्र 15 रनों की जरूरत थी। तभी विकेट कीपर ध्रुव जुरैल के एक फैसले ने मैच पलट दिया। दरअसल कप्तान रियान पराग 19वां ओवर तुषार देशपांडे को देना चाहते थे। लेकिन तभी जुरैल ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया और गेंद तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को थमा दी। आर्चर ने बेहतरीन गेंदबाजी की और मात्र चार रन दिये और इस तरह मैच वापस राजस्थान के हाथों में आ गया।

ध्रुव जुरैल का 'मास्टरस्ट्रोक'

मैच के बाद जब पराग से इस 'मास्टरस्ट्रोक' के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं ऑर्डर को स्विच करने वाला था। ऐसे में क्रेडिट ध्रुव जुरेल को जाता है। उन्होंने मुझसे कहा था कि 19वें ओवर में जोफ्रा के साथ जाओ।' जुरेल की बल्लेबाजी को लेकर पराग ने कहा, 'हां, मुझे लगता है कि जितना टैलेंट उनके पास है, हम उनके साथ जस्टिस नहीं करते। उन्होंने मुश्किल काम किया है। उन्होंने छठे और सातवें पर बल्लेबाजी की है। लेकिन अब जो हमने देखा हमारे पास तीसरे नंबर पर मौका है तौ मैंने सबसे पहले कहा था कि उनको तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए और उन्होंने हमे बल्लेबाजी करकर बताया कि क्यों उन्हें तीसरे नंबर पर बैटिंग करनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'उम्मीद है कि यह उनके लिए सिर्फ शुरुआत हो और वो 700-800 रन बनाए और हमें चैंपियनशिप जिताएं।'

मैच का हाल

इस मैच में राजस्थान रॉयल्स से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरता टाइटंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी। यह राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है। 211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत जोरदार रही। कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े। कुशाग्र ने 18 रन बनाए। वहीं, सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 44 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। जोस बटलर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 4 रन ही बना सके। राहुल तेवितिया 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शाहरुख खान ने 4 गेंदों में 11 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 30 गेंदों में 43 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। राशिद ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि रबाडा ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी के दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नांद्रे बर्गर और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत दमदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 70 रन जोड़े। वैभव ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। वहीं, यशस्वी ने 36 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी खेली।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरैल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 42 गेंदों में 75 रनों की लाजवाब पारी खेली। जुरैल ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए। जुरैल ने दूसरे विकेट के लिए यशस्वी संग मिलकर 56 रनों की अहम साझेदारी निभाई। शिमरोन हेटमायर ने 8 गेंदों में 18 रन बनाए।

हालांकि, कप्तान रियान पराग बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 8 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा 7 रन बनाकर नाबाद रहे। जुरैल-यशस्वी की शानदार पारियों के दम पर राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाने में सफल रही। गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से सर्वाधिक 2 विकेट कगिसो रबाडा ने चटकाए। यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत है, जबकि गुजरात टाइटंस को इस सीजन की लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है।