
नई दिल्ली। अपने पहले मैच में हार झेल चुकी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की दो टीमें-दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान रॉयल्स आज जब एक दूसरे के खिलाफ भिड़ेगी तो उनका एकमात्र लक्ष्य लीग के 11वें संस्करण में जीत का खाता खोलना होगा। दो साल का प्रतिबंध झेलने के बाद लीग में लौटी राजस्थान रॉयल्स की टीम को अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों नौ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 125 रन ही बना सकी थी, जिसे हैदराबाद ने नौ विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
मध्य ओवरों में विकेट गंवाना राजस्थान को पड़ा महंगा
संजू सैमसन (42 गेंद, 49 रन) के अलावा राजस्थान का कोई और बल्लेबाज चमक नहीं दिखा सका। इसके अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 13, राहुल त्रिपाठी ने 17 और श्रेयस गोपाल ने 18 रन बनाए। रहाणे ने मैच के बाद कहा," पहले छह ओवरों में हमने अच्छी शुरुआत की जोकि हमारे लिए महत्वपूर्ण था। छह ओवरों में हम एक विकेट पर 50 रन की करीब थे, लेकिन मध्य ओवरों में विकेट गंवाना हमें महंगा पड़ गया।"
दिल्ली को सभी विभागों में सुधार करने की जरूरत
मेजबान राजस्थान को दिल्ली के खिलाफ अपने सभी विभागों में सुधार करने की जरूरत होगी क्योंकि दिल्ली की टीम पिछली बार से इस बार अधिक मजबूत है। टीम के नए कप्तान गौतम गंभीर ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 55 रन की पारी खेली थी, लेकिन दूसरे छोर से किसी ने उनका साथ नहीं दिया था।पंजाब के लोकेश राहुल ने दिल्ली के खिलाफ 16 गेंदों में 55 रन ठोककर आईपीएल इहिास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा था। हालांकि इसका श्रेय दिल्ली के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जाता है जिन्होंने उस मैच में सर्वाधिक रन खर्च किए।
दिल्ली चाहेगी वह अपने पिछले प्रदर्शन का भुलाकर राजस्थान के खिलाफ नई शुरूआत करे। वहीं राजस्थान अपने घरेलू दर्शकों को दो साल बाद पहली बार जीत का तोहफा देना चाहेगी।
टीमें ( सम्भावित) :
राजस्थान : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंकित शर्मा, संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, धवल कुलकर्णी, ज्योफ्री आर्चर, डी आर्की शॉर्ट, दुष्मंता चमीरा, स्टुअर्ट बिन्नी, श्रेयस गोपाल, एस. मिथुन, जयदेव उनादकट, बेन लॉफलिन, प्रशांत चोपड़ा, के. गौतम, महिपाल लोमरूर, जतिन सक्सेना, अनुरीत सिंह, आर्यमान बिरला, जोस बटलर, हेनरिक क्लासेन, जहीर खान और राहुल त्रिपाठी।
दिल्ली : ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ग्लेन मैक्सवेल, अमित मिश्रा, शाहबाज नदीम, विजय शंकर, राहुल तेवतिया, मोहम्मद शमी, गौतम गंभीर (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, कोलिन मुनरो, क्रिस मौरिस, विजय शंकर, डेनियल क्रिस्टियन, जैसन राय, नमन ओझा, पृथ्वी शाह, गुरकीरत सिंह मान, अवेश खान, अभिषेक शर्मा, जयंत यादव, हर्षल पटेल, मंजोत कालड़ा, संदीप लामीछाने, सायन घोष।
Published on:
11 Apr 2018 10:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
