
Rohit Sharma (Photo Credit- IANS)
Rohit Sharma, Ranji Trophy 2024-25: रणजी ट्रॉफी 2024-25 के दूसरे फेज का आगाज हो गया है। एलिट ग्रुप ए के छठे राउंड का मुक़ाबला मुंबई और जम्मू कश्मीर के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में एक बार फिर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा फ्लॉप साबित हुए हैं। पहली पारी में मात्र तीन रन पर आउट होने के बाद रोहित ने दूसरी पारी में 28 रन बनाए।
रोहित ने दूसरी पारी में 35 गेंद का सामना किया और तीन छक्के और दो चौके की मदद से 28 रन बनाए। रोहित को अपनी पारी की तीसरी गेंद पर जीवनदान मिला था। जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर मीर ने फॉलोथ्रू में उनका कैच छोड़ दिया था। लेकिन रोहित इसका फायदा नहीं उठा सके और अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद मात्र 28 रन पर पवेलियन लौट गए।
रोहित दूसरी पारी में एक बार फिर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर हुए आउट। इस बार तेज गेंदबाज युधवीर सिंह की धीमी गेंद को रोहित पढ़ नहीं पाए और बल्ला चला बैठे। गेंद उनके बल्ले के अंदरुनी किनारे पर लगकर मिड विकेट की दिशा में आबिद मुश्ताक के पार गई। आबिद मुश्ताक ने अपनी बाईं ओर छलांग लगाते हुए एक हाथ से बेहतरीन कैच लपका।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए थे और छह के औसत से रन बनाए थे। जिसके बाद उन्होंने रणजी ट्रॉफी का यह मुक़ाबला खेलने का फैसला किया था। भारतीय कप्तान लगभग 10 साल के बाद डोमेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए मैदान पर उतरे हैं।
यशस्वी जायसवाल भी दूसरी पारी में फेल साबित हुए। उन्होंने 51 गेंद पर चार चौके की मदद से 26 रन बनाए। जायसवाल ने पहली पारी में मात्र चार रन बनाए थे। मैच की बात करें तो पहली पारी में मुंबई की टीम 120 रनों पर सिमट गई थी। जवाब में जम्मू एंड कश्मीर ने 206 रन बनाकर मुंबई पर 86 रनों की बढ़त हासिल की थी। मुंबई एक बार फिर दूसरी पारी में भी लड़खड़ा गई है और लंच तक तक 86 रन पर पांच विकेट गवां दिये हैं। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे क्रीज़ पर जमे हुए हैं।
Updated on:
04 Jul 2025 06:48 pm
Published on:
24 Jan 2025 11:58 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
