26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ranji Trophy Final: गुस्से में विरोधी खिलाड़ी को मारा सिर, जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा पर BCCI का बड़ा एक्शन

डोगरा ने ओवर के अंत में माफी मांगी, लेकिन अनीश ने कथित तौर पर इस माफी को स्वीकार नहीं किया। इस घटना पर कर्नाटक के सीनियर खिलाड़ियों ने भी रिएक्शन दिया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Feb 26, 2026

Ranji Trophy Final

जम्मू-कश्मीर के कप्तान की मैच फीस में 50 प्रतिशत कटौती (photo - BCCI/Domestic)

Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा पर कथित तौर पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उन्होंने रणजी ट्रॉफी फाइनल मैच के दूसरे दिन कर्नाटक के सब्स्टीट्यूट फील्डर केवी अनीश को हेडबट किया था।

डोगरा और अनीश भिड़े

यह घटना जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के 101वें ओवर की है। कन्हैया वाधावन के साथ बल्लेबाजी कर रहे डोगरा ने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की एक गेंद पर बाउंड्री लगाई, जिसके बाद उनके और फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े अनीश के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इस बीच डोगरा अनीश की तरफ बढ़े और ऐसा लगा कि उन्होंने हेडबट से कॉन्टैक्ट शुरू किया, जिससे हेलमेट पहने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी को चोट लगी।

अंपायरों ने बीच-बचाव किया

कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल ने मौके पर आकर स्थिति को शांत किया, जबकि अंपायरों ने बीच-बचाव करके मामले को और बिगड़ने से रोका। 'क्रिकबज' की रिपोर्ट के मुताबिक, डोगरा ने ओवर के अंत में माफी मांगी, लेकिन अनीश ने कथित तौर पर इस माफी को स्वीकार नहीं किया। इस घटना पर कर्नाटक के सीनियर खिलाड़ियों ने भी रिएक्शन दिया।

तुरंत बाद एक और टकराव देखने को मिला

मैच का गरम माहौल शांत नहीं हुआ। इसके तुरंत बाद एक और टकराव देखने को मिला, जब रन लेते समय हुए संपर्क के बाद कर्नाटक के तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाख और वाधावन आमने-सामने आ गए। बुधवार का खेल खत्म होने के बाद पारस डोगरा ने क्रिकबज से इस वाकये पर कहा, "यह कोई बड़ी बात नहीं थी, जोश में ऐसा हो गया। खासकर फाइनल खेलते समय इस तरह की नोकझोंक होती रहती है। हमने वहीं पर मामला शांत कर दिया। उसके बाद वह फिर से बातचीत करने लगे।"

कन्हैया वाधावन ने जानकारी देने से मना किया

इस घटना के दौरान कन्हैया वाधावन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर थे, उन्होंने इस घटना को लेकर कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, "ऐसा होता रहता है। यह खेल का हिस्सा है। स्लेजिंग होती है। यह दोनों तरफ से हो रही थी। थोड़ी हमारी तरफ से और थोड़ी उनकी तरफ से। जानबूझकर कुछ नहीं किया गया। इसे जल्द ही सुलझा लिया गया।"

41 वर्षीय डोगरा की गिनती भारत के घरेलू सर्किट में सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में होती है, जिन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में 10,000 रनों का आंकड़ा पार किया है। डोगरा ने फाइनल मैच की पहली पारी में कर्नाटक के खिलाफ 70 रन बनाए थे। जम्मू-कश्मीर की टीम दूसरे दिन के खेल तक 6 विकेट खोकर 527 रन बना चुकी है।