
Srilanka vs Afghanistan, T20 Series: वनडे सीरीज के बाद श्रीलंका और अफ़ग़ानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। 17 फरवरी से शुरु होने वाली इस सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। वनडे सीरीज में मिली हार के बाद अफ़ग़ानिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा हैं। चोट के कारण टीम के तीन अहम खिलाड़ी इस सीरीज का हिस्सा नहीं रहेंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी बयान के अनुसार टीम के नियमित कप्तान और स्टार स्पिनर राशिद ख़ान, स्पिनर मुजीब उर रहमान और मोहम्मद सलीम को चोट के कारण टीम में जगह नहीं दी गयी है वहीं विकेटकीपर इकराम अलीख़िल और रहमत शाह के स्थान पर मोहम्मद इशाक़ और वफ़ादार मोमंद को टीम में शामिल किया गया है। राशिद पीठ की चोट से उबर रहे हैं जबकि मुजीब को श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले दाहिने हाथ में मोच आ गई थी। तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सलीम भी हैमस्ट्रिंग इंजरी से रिकवर नहीं हो पाए हैं।
राशिद की अनुपस्थिति में इब्राहिम ज़दरान टीम की कप्तानी करेंगे। मुजीब ने भारत के ख़िलाफ़ दो टी20 मैच खेले थे वहीं सलीम ने भारत के ख़िलाफ़ तीन टी20 मैच खेलने के अलावा श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच भी खेला था। राशिद ने विश्व कप के बाद से ही कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेली है। वह बीबीएल और एसए20 का भी हिस्सा नहीं बन पाए थे। रिहैब में होने के चलते राशिद पीएसएल के आगामी सीज़न से भी बाहर हो गए थे।
श्रीलंका में अफ़ग़ानिस्तान का अब तक का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। इकलौता टेस्ट मैच दस विकेट से हारने के साथ साथ वह तीन मैचों की वनडे सीरीज में 0-2 से पीछे हैं। तीन मैचों की टी20 सीरीज का आग़ाज़ 17 फ़रवरी को होगी। जबकि दूसरा और तीसरा मैच 19 और 21 फ़रवरी को खेला जाएगा।
अफ़ग़ानिस्तान : इब्राहिम ज़दरान (कप्तान) रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), मोहम्मद इशाक़ (विकेटकीपर), हज़रतुल्लाह ज़ाज़ाई, गुलबदिन नईब, मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह ज़दरान, अज़मतुल्लाह ओमारज़ाई, करीम जनत, शराफ़ुद्दीन अशरफ़, फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी, फ़रीद अहमद, नवीन उल हक़, नूर अहमद, वफ़ादार मोमंद, क़ैस अहमद।
श्रीलंका : वनिंदु हसरंगा (कप्तान), चरिथ असलंका (उपकप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, धनंजय डि सिल्वा, कुसाल परेरा, एंजेलो मैथ्यूज, दासुन सनाका, सदीरा समरविक्रमा, कमिंदु मेंडिस, महेश तीक्षणा, अकिला धनंजय, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका, नुवान तुषारा, दुष्मंथा चमीरा और बिनुरा फर्नांडो।
Published on:
13 Feb 2024 07:55 pm
