
नई दिल्ली। श्रीलंका की क्रिकेट टीम इन दिनों बांग्लादेश में है। जहां त्रिकोणीय एकदिवसीय सीरीज के समाप्त होने के बाद दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज खेली गई। अब बांग्लादेश की टीम क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में श्रीलंकाई चुनौती का सामना करेगी। लेकिन दोनों देशों के बीच शुरू होने वाले टी-20 सीरीज से पहले बांग्लादेश टीम को एक बड़ा झटका लगता दिख रहा है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन श्रीलंका के खिलाफ होने वाले पहले टी-20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं। उनकी उंगली की चोट अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है। बांग्लादेश ने 15 फरवरी को होने वाले पहले टी-20 मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया था, जिसमें शाकिब का नाम था।
क्या कहा शाकिब ने -
क्रिकेट वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने शाकिब के हवाले से लिखा है कि इस मुद्दे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन डॉक्टर ने मुझसे कहा है कि इस चोट को ठीक होने में दो सप्ताह से कम का समय लगेगा। अगर ऐसा होता है तो मैं पूरी टी-20 सीरीज से बाहर हो सकता हूं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालांकि अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है।
फाइनल के दौरान लगी थी चोट -
शाकिब की उंगली में चोट 27 जनवरी को त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में लगी थी। इसी चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए थे। शाकिब बांग्लादेश टीम के स्टार ऑल राउंडर हैं। शाकिब ने टीम की ओर से टी-20 में अब तक 61 मैच खेले है। जिसमें उन्होंने 1223 रन बनाने के साथ ही 73 विकेट भी हासिल किया है। यदि शाकिब टी-20 सीरीज से बाहर होते है तो मेहमान टीम के लिए बांग्लादेश की चुनौती आसान हो जाएगी। शाकिब टी-20 में काफी किफायती गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं।
Published on:
12 Feb 2018, 8:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.