
गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विकेट लेने के बाद जश्न मानते हुए (Photo - IANS)
IPL 2026, DC vs GT: शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) ने आखिरकार आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में अपना खाता खोल लिया है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बुधवार, 8 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में GT ने 1 रन से बेहद रोमांचक जीत दर्ज की। एक वक्त ऐसा था जब दिल्ली को आखिरी 2 गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे और किसी को नहीं लगा था कि गुजरात यहां से मैच निकाल पाएगा, लेकिन डेविड मिलर की एक गलती और गिल की चालाकी ने पूरा गेम ही पलट दिया।
जब आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रनों की जरूरत थी, तब कप्तान शुभमन गिल और गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। हर कोई जानना चाहता था कि आखिर उनके बीच क्या बात हुई जिसने मैच का पासा पलट दिया। मैच के बाद गिल ने खुद इस राज से पर्दा उठाया। दरअसल, 5वीं गेंद पर जब डेविड मिलर ने सिंगल लेने से मना कर दिया, तभी गुजरात को जीत की खुशबू आने लगी थी। गिल ने कहा, 'उस पल मुझे लगा कि हमारे पास जीतने का मौका है।'
मैच के बाद गिल ने बताया कि आखिरी गेंद से पहले वे दोनों दुविधा में थे। सवाल यह था कि यॉर्कर डाली जाए या स्लोअर बाउंसर? आमतौर पर बल्लेबाज ऐसी स्थिति में यॉर्कर की ही उम्मीद करता है, लेकिन गिल और कृष्णा ने यहीं पर अपना दिमाग चलाया। गिल ने खुलासा करते हुए कहा, 'हम बस इसी पर बात कर रहे थे कि क्या करना सही होगा। विकेट जिस तरह से खेल रहा था, हमें लगा कि अगर हम एक अच्छी स्लोअर गेंद फेंकते हैं, तो उस पर बाउंड्री लगाना बहुत मुश्किल होगा।' प्रसिद्ध कृष्णा को ऐसी गेंदों पर पहले भी कामयाबी मिली थी, इसलिए उन्होंने रिस्क लेने का फैसला किया।
हुआ भी बिल्कुल वैसा ही जैसा गुजरात ने सोचा था। प्रसिद्ध कृष्णा ने स्लोअर बाउंसर डाली और डेविड मिलर पूरी तरह गच्चा खा गए। गेंद उनके बल्ले को छू तक नहीं पाई और सीधे विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में जा समाई। जैसे ही मिलर और कुलदीप यादव रन के लिए भागे, बटलर ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद को विकेटों की तरफ फेंका और कुलदीप यादव रन-आउट हो गए। इस तरह गुजरात टाइटंस ने हार के मुंह से जीत छीन ली और 1 रन से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Updated on:
09 Apr 2026 11:53 am
Published on:
09 Apr 2026 11:53 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
