25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SA vs WI: सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने के इरादे से उतरेगी दोनों टीमें, जानिए किसकी जीत से भारत को फायदा

ICC T20 World Cup 2026 Super 8: 26 फरवरी को अहमदाबाद में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका (South Africa vs West Indies) के बीच सुपर-8 का सबसे बड़ा मुकाबला होगा। दोनों टीमें जीत से सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेंगे। भारतीय टीम के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका की जीत बेहतर है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saksham Agrawal

Feb 25, 2026

T20 World Cup 2026 Super 8 SA vs WI

टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8: दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज (Image: ANI)

West Indies vs South Africa, ICC T20 World Cup 2026 Super 8: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में 26 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रुप-1 का सबसे अहम मुकाबला खेला जाएगा, जब वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगी। मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा। इस मैच में उतर रही दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय हैं। ग्रुप-1 की टेबल में दोनों टीमों के 2-2 एंक हैं, लेकिन वेस्टइंडीज +5.350 की नेट रन रेट (NRR) के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका +3.800 की नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत 0 अंक और -3.800 NRR की नेट रन रेट साथ तीसरे पायदान पर है। यह टक्कर न सिर्फ दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, बल्कि भारत की सेमीफाइनल उम्मीदों पर भी सीधा असर डालेगी।

जीत से पक्की होगी सेमीफाइनल की राह

इस मैच में जीत मिलते ही विजेता टीम के पास 4 अंक हो जाएंगे, जिससे उनकी सेमीफाइनल में पहुंचने की राह लगभग तय हो जाएगी। वेस्टइंडीज ने अपने पहले सुपर 8 मैच में जिम्बाब्वे को 107 रन से रौंदा था, जिसमें शिमरॉन हेटमायर ने 34 गेंदों पर 85 और रोवमान पॉवेल ने 35 गेंदों पर 59 रन ठोके। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद में मेजबान भारत को 76 रन से हराया। 20/3 की खराब स्तिथि से उबरते हुए डेविड मिलर (63, 35 गेंद) और ट्रिस्टन स्टब्स ने टीम को 187/7 तक पहुंचाया, जिसके बाद मार्को येंसन (4/22) और केशव महाराज (3 विकेट) ने भारत को 111 पर समेट दिया।

भारत चाहेगा वेस्टइंडीज की हार

भारत की सेमीफाइनल उम्मीदों के लिए इस मैच का नतीजा बेहद अहम है। भारत का नेट रन रेट खराब है, और अभी भी जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ उसके दो मैच बाकी हैं। अगर दक्षिण अफ्रीका यह मैच जीत जाती है और वेस्टइंडीज को 2 अंकों पर रोक देती है, तो भारत के पास यह मौका होगा कि वह दोनों बचे मैच जीतकर 4 अंकों पर पहुंच जाए। ऐसे में भारत और दक्षिण अफ्रीका सेमीफ़ाइनल में जगह बना लेंगे और वेस्टइंडीज बाहर हो जाएगा।

लेकिन अगर वेस्टइंडीज यह मैच जीत जाती है, तो उनके पास 4 अंक हो जाएंगे और भारत को तब नेट रन रेट में असंभव सा सुधार करते हुए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों को हराना होगा। इसलिए भारत चाहेगा कि दक्षिण अफ्रीका मैच का विजेता रहे।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

बल्लेबाजों में वेस्टइंडीज की ओर से शिमरॉन हेटमायर सबसे खतरनाक हथियार हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 5 मैचों में 54.75 की औसत और 185.24 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 219 रन बनाए हैं। ब्रैंडन किंग 128 से अधिक स्ट्राइक रेट पर ओपनिंग में मजबूती देते हैं। गेंदबाजी में गुडाकेश मोटी (10 विकेट) मध्य ओवरों में खतरनाक हैं। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एडेन मार्करम (182 रन, 178.43 स्ट्राइक रेट) और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी पावरप्ले में विस्फोटक बल्लेबाजी करने में सक्षम है। गेंदबाजी में मार्को येंसन (11 विकेट) और कॉर्बिन बॉश (7 विकेट) वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं।