
श्रीलंका ने महिला एशिया कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की (photo - IANS)
Women Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में 28 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच खेला जाएगा। इसके लिए श्रीलंका क्रिकेट ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। तेज गेंदबाज मिताली अयोध्या, चेतना विमुक्ति और ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर डेवमी विहंगा की टीम में वापसी हुई है।
मिताली, चेतना और विहंगा हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थीं। श्रीलंकाई टीम इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही थी। इन तीनों खिलाड़ियों को निमाशा मीपेज, मल्की मदारा और रश्मिका सेववंडी की जगह पर टीम में शामिल किया गया है।
श्रीलंका इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी। टीम ने 2024 में यह खिताब अपने नाम किया था। अनुभवी बैटिंग ऑलराउंडर चमारी अटापट्टू टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।
ग्रुप बी में श्रीलंका को बांग्लादेश, मेजबान यूएई और पहली बार भाग ले रही इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। टीम अपने खिताब की रक्षा की शुरुआत 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगी। इसके बाद 2 सितंबर को इंडोनेशिया और 6 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा। सभी मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इस बार महिला एशिया कप के सभी मुकाबले टी20 फॉर्मेट में होंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को होगा। 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने सात बार की विजेता भारतीय टीम को दांबुला में अपने घरेलू दर्शकों के सामने हराकर अपना पहला एशिया कप खिताब जीता था। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण है और पहली बार यह प्रतियोगिता यूएई में आयोजित की जा रही है।
चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना कविंदी, विश्मी गुणरथने, हर्षिता समरविक्रमा (उपकप्तान), कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, हासिनी परेरा, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), देवमी विहंगा, सुगंधिका दासनायका, चामुदी प्रबोदा, चेतना विमुक्ति, काव्या कविंदी और मिताली अयोध्या।
Updated on:
13 Aug 2026 04:29 pm
Published on:
13 Aug 2026 04:29 pm
