
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को श्रीलंका के क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा प्रदूषण से बचने के लिए मास्क पहनने की घटना पर शर्मिदगी जताई है। राजधानी दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का अंतिम और निर्णायक मैच जारी है।उल्लेखनीय है कि श्रीलंका के खिलाड़ियों को दूसरे दिन रविवार को मैच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
ममता ने कहा
ममता ने संवाददाताओं से कहा, "यह अच्छी बात नहीं है कि मेहमान टीम के खिलाड़ी एक अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान मास्क पहन रहे हैं। हर दिन प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। इससे देश का नाम अच्छा नहीं हो रहा। मुझे लगता है कि दिल्ली में प्रदूषण को कम किया जाना चाहिए। इसके लिए दिल्ली को साथ मिलकर इस समस्या को सुलझाने के लिए बात कर फैसला लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली में प्रदूषण एक सबसे बड़ी समस्या है। ममता ने कहा, "मुझे काफी शर्मिदगी हुई, वरना मैं यह बात कभी नहीं कहती। यह कोई राजनीति, बल्कि एक वास्तविक मुद्दा है। फिरोजशाह कोटला मैदान पर भोजनकाल के बाद रविवार को श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मास्क पहने देखा गया था। अंपायरों ने इस बारे में खिलाड़ियों के साथ बात की और इस कारण 15 मिनट के लिए मैच रुका रहा।
तेज गेंदबाज शमी का बयान
शमी ने तीसरे दिन सोमवार को खेल खत्म होने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जितनी ये प्रदूषण वाली बात है जाहिर सी बात है कि सोचने का विषय है, लेकिन जितना बताया जा रहा था उतना भी नहीं था। हो सकता है कि हम इस तरह के वातावरण के आदि हो गए है, ज्यादा उस चीज को बर्दाश्त करते हैं तो हो सकता हमें दिक्कात न हो, लेकिन प्रदूषण की जो वजह से उसे कम किया जाए तो बेहतर है। दिक्कत तो हमेशा हम लोगों को ही आनी है, लेकिन हमें अब आदत हो गई है।
भारत ने 4 कैच छोड़े
भारतीय खिलाड़ियों ने दो दिन में श्रीलंका के खिलाड़ियों के चार कैच छोड़े, जिसमें से तीन कैच 111 रन बनाने वाले एंजेलो मैथ्यूज के थे। मैथ्यूज को दूसरे दिन विराट कोहली ने जीवनदान दिया था। वहीं तीसरे दिन रोहित शर्मा और अतिरिक्त खिलाड़ी विजय शंकर ने उनके कैच छोड़े। इस पर शमी से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आप ऐसा नहीं कह सकते की मशीन खड़ी है, जो पकड़ लेगी। हालांकि, जहां तक कैच छूटने का सवाल है तो गुस्सा आता है, लेकिन एक टीम के तौर पर हम पूरे साल एक साथ देश के लिए खेलते हैं। यह खेल का हिस्सा है, इसे जितना नजरअंदाज करेंगे तो अच्छा होगा।"
Published on:
5 Dec 2017, 8:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.