
सूर्यकुमार यादव ने डेविड मिलर का एक अद्भुत कैच लपककर पूरा मैच पलट दिया। (photo - BCCI)
Suryakumar Yadav, T20 World Cup 2024: ठीक दो साल पहले आज ही के दिन रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बारबाडोस में इतिहास रचा था। 29 जून 2024 को भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर 17 साल का इंतजार खत्म किया था। केनिंग्सटन ओवल मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
मैच भारत के हाथ से फिसलता दिख रहा था, लेकिन आखिरी ओवर में पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने डेविड मिलर का एक अद्भुत कैच लपककर पूरा मैच पलट दिया। यह कैच ठीक वैसा ही यादगार था, जैसा 1983 विश्व कप के फाइनल में महान कप्तान कपिल देव ने विव रिचर्ड्स का कैच पकड़कर मैच का रुख बदल दिया था।
सूर्यकुमार ने इस जीत को याद करते हुए एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है। सूर्य ने लिखा, "खेल में कुछ पल ऐसे होते हैं जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। हर कुर्बानी, हर मुश्किल, हर प्रैक्टिस सेशन, स्टैंड्स से मिला हर चीयर, इन सबने मिलकर उस यादगार रात को मुमकिन बनाया। इस पल को इतने शानदार लोगों के साथ बांटने और दुनिया भर के लाखों भारतीयों के साथ इसे महसूस करने पर गर्व है। उस फ़ाइनल से पहले, उसके दौरान और उसके काफ़ी समय बाद भी अपना प्यार हम तक पहुंचाने के लिए आपका शुक्रिया। 29 जून, 2024। हम हमेशा आपका जश्न मनाते रहेंगे।"
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने विराट कोहली के 76 और अक्षर पटेल के 47 रनों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन बनाए। विराट कोहली और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत की और पहले ओवर में 15 रन बटोरे। लेकिन दूसरे ओवर में केशव महराज ने रोहित शर्मा (9) और ऋषभ पंत (0) को लगातार आउट कर भारत को दो बड़े झटके दिए। पांचवें ओवर में कगिसो रबाडा ने सूर्यकुमार यादव (3) को आउट किया। पावरप्ले में भारत ने 3 विकेट गंवाकर 45 रन बनाए।
इसके बाद अक्षर पटेल ने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 58 गेंदों में 72 रनों की साझेदारी हुई। अक्षर 47 रन बनाकर रन आउट हुए। विराट कोहली ने 59 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली। शिवम दुबे ने 27 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में रेजा हेन्ड्रिक्स (4) को आउट कर झटका दिया। तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने एडेन मार्करम (4) को पवेलियन भेजा। पावरप्ले के बाद दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया और 15 ओवर में 147/4 तक पहुंच गए।
17वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने हेनरिक क्लासेन (52) को आउट किया। 18वें ओवर में बुमराह ने मार्को जानसेन (2) को पवेलियन भेजकर भारत को मैच में वापसी दिलाई। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। डेविड मिलर और केशव महराज क्रीज पर थे। रोहित शर्मा ने आखिरी ओवर हार्दिक पांड्या को सौंपा। हार्दिक ने पहली ही गेंद पर डेविड मिलर को आउट कर दिया। लॉन्ग-ऑफ पर सूर्यकुमार यादव ने अद्भुत कैच लपका और मैच पलट दिया।
दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 169 रन ही बना सका। भारत ने 11 साल बाद आईसीसी खिताब जीतकर सूखा खत्म किया। इससे पहले भारत ने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2007 में टी20 विश्व कप जीता था।
Published on:
29 Jun 2026 11:18 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
