
वैभव सूर्यवंशी (Photo - BCCI)
Vaibhav Sooryavanshi Debut: आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को 1 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी, जिससे भारत यह सीरीज 0-2 से हार गया। इस मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे सीनियर खिलाड़ी बुरी तरह फेल रहे। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों ओपनर (अभिषेक और संजू) बिना खाता खोले (गोल्डन डक पर) आउट हो गए। इस खराब प्रदर्शन के बीच फैंस मांग कर रहे थे कि 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना चाहिए था। लेकिन भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डेशकाटे ने साफ कर दिया है कि वैभव को अपने डेब्यू के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
रयान टेन डेशकाटे ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए एक बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा, 'वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है, इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन हम संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को अचानक बाहर नहीं कर सकते, जिन्होंने कुछ महीने पहले भारत को वर्ल्ड कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई है। वैभव जितने तैयार हैं, हम भी उन्हें खिलाने के लिए उतने ही उत्साहित हैं। लेकिन उन्हें भी बाकी खिलाड़ियों की तरह सही प्रक्रिया से गुजरना होगा और अपने समय का इंतजार करना होगा।'
बिहार के रहने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाकर ऑरेंज कैप जीती थी। इसके बाद उन्होंने इंडिया-ए के लिए श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक ठोककर खलबली मचा दी थी।
उनकी इस काबिलियत को देखकर दिग्गज सुनील गावस्कर भी उन्हें आयरलैंड के खिलाफ मौका न मिलने पर हैरान थे, हालांकि उन्होंने टीम मैनेजमेंट के फैसले का समर्थन किया। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने तो वैभव को दुनिया का सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाज बताया और उन्हें तुरंत मौका न देने पर हैरानी जताई।
फिलहाल, हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट वैभव को जल्दबाजी में मैदान पर उतारने के बजाय उन्हें ड्रेसिंग रूम का माहौल सिखाना चाहते हैं। अब देखना होगा कि 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज या फिर सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स में वैभव को नीली जर्सी पहनने का मौका कब मिलता है।
Published on:
29 Jun 2026 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
