8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SMAT 2024 Final: सूर्यांश शेडगे ने मध्य प्रदेश के मुंह से छीनी जीत, मुंबई ने पांच विकेट से हरा दूसरी बार जीती सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी

मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मुंबई ने इसे 17.5 ओवर में 5 विककेट खोकर हासिल कर लिया।

2 min read
Google source verification

Mumbai vs Madhya Pradesh, Syed Mushtaq Ali Trophy 2024 Final: मुंबई ने युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे के ऑलराउंड प्रदर्शन की मदद से रोमचक मुक़ाबले में मध्य प्रदेश को पांच विकेट से हरा दिया। इसी के साथ मुंबई ने दूसरी बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत ली। इससे पहले मुंबई ने 2022 में यह खिताब अपने नाम किया था।

मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रजत पाटीदार की आतिशी बल्लेबाजी की मदद से मुंबई के सामने 175 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने साधी हुई शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर पाये और जल्द आउट हो गए। पृथ्वी ने 6 गेंद पर 10 और अय्यर ने 9 गेंद पर 16 रनों की पारी खेली।

लेकिन इसके बाद पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। इस टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे रहाणे इस बार अर्धशतक से चूक गए और 30 गेंद पर 37 रन बनाकर आउट हो गए।

मुंबई को जीत के लिए मात्र 32 गेंद पर 51 रनों चाहिए थे, तभी टीम ने सूर्यकुमार यादव का विकेट खो दिया। सूर्यकुमार ने 35 गेंद पर 48 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद लगा की यहां से मुंबई हार जाएगा। लेकिन शेडगे ने आते ही मध्य प्रदेश के गेंदबाजों को टार्गेट किया और मात्र 15 गेंद पर नाबाद 36 रन ठोकते हुए मुंबई को 13 गेंद पहले जीत दिला दी। शेडगे ने अपनी इस पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। इससे पहले उन्होंने एक विकेट भी झटका था। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मध्य प्रदेश के लिए त्रिपुरेश सिंह ने दो, शिवम शुक्ल, वेंकटेश अय्यर और कुमार कार्तिकेय ने एक - एक विकेट झटके।