
Tamim Iqbal vs Shakib al hasan World cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन पांच अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच भारत में किया जाएगा। क्रिकेट का महाकुम्भ कहे जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश टीम ने भी अपनी 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस टीम में पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल को जगह नहीं मिली है। जिसके बाद टीम में एक नया विवाद शुरू हो गया है।
टीम में नहीं चुने जाने के बाद तमीम इकबाल ने खुलासा किया कि उन्हें बोर्ड की ओर से पहले ही इस बात के संकेत दे दिए गए थे कि वह वर्ल्ड कप टीम में शामिल होने का विचार ना करें, क्योंकि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती मैच में बाहर रखने या फिर निचले क्रम में बैटिंग करने को कहा गया था।
उन्होंने कहा है कि वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के 'डर्टी गेम' का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे, लेकिन उन्हें जानबूझकर इसका शिकार बनाया गया है। तमीम इकबाल ने वीडियो में कहा कि बोर्ड के एक अधिकारी ने कुछ दिन पहले मुझे फोन कर कहा था कि आप अगर आप वर्ल्ड कप में जाएंगे तो हमें आपकी फिटनेस को ध्यान में रखते हुए खिलाना होगा। आपको या तो अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच में बाहर बैठना होगा या फिर निचले क्रम में खेलना होगा।
तमीम ने कहा कि मैं यह बात सुनकर एकदम हैरान रह गया। तमीम ने कहा कि मैंने अपने 17 साल के करियर में कभी लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी नहीं की। उस अधिकारी की बातों से मुझे ऐसा लगने लगा कि मुझे कुछ चीजें करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। तमीम ने कहा मैंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छी पारियां खेली और मैं काफी खुश था, लेकिन अधिकारी की उन बातों को मैं स्वीकार नहीं कर पाया। मुझे उस वक्त यह अहसास हो गया था कि मुझे विश्व कप टीम से बाहर किए जाने की तैयारी है।
तमीम के इस आरोप पर शाकिब ने कहा कि जब हम टीम में होते हैं, तो हमारे लिए निजी उपलब्धियों से बढ़कर टीम की जीत होनी चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि अगर आप शतक लगाते हैं और उसके बावजूद भी टीम हारती है, तो ऐसे में आपके शतक के मायने नहीं रह जाते हैं।
शाकिब ने कहा, 'रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी, जिसने अपना करियर नंबर-7 से ओपनर तक का बनाया। 10,000 से ज्यादा रन बनाए, अगर वह कभी नंबर-3 या नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आते हैं, तो क्या इसमें कोई बड़ी दिक्कत है? यह बहुत ही बचकानी बात है, यह वैसी ही बात है कि मेरा बैट है, मैं बैटिंग करूंगा, इस बैट से और कोई नहीं खेल सकता।'
शाकिब ने आगे कहा, 'एक बल्लेबाज को टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी बैटिंग पोजिशन पर बैटिंग करने के लिए तैयार होना चाहिए। सबसे पहले टीम आती है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने सेंचुरी मारी है या डबल सेंचुरी, और टीम हार जाती है। आप अपनी निजी उपलब्धियों का क्या करेंगे?' इसके अलावा शाकिब ने साफ कहा कि तमीम को स्क्वॉड में शामिल नहीं करने का फैसला पूरी तरह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का था।
Published on:
28 Sept 2023 02:30 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
