
आयरलैंड के खिलाफ शॉट खेलते हुए तिलक वर्मा (फोटो- IANS)
India vs England T20 Series: चार महीने पहले टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हाल इतना खराब हो गया है कि उसे पिछले छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं हुई है। लगातार 11 सीरीज जीतने वाली टीम इंडिया को पिछली दो सीरीज में आयरलैंड और इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा है। इसकी बड़ी वजह टीम में हो रहे लगातार बदलाव और बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन माना जा रहा है।
अकेले दम पर विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल रही है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर उन्हें सिर्फ तीन पारियां खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने कुल 12 गेंदें खेलकर सिर्फ 6 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर लिया गया। जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित टीम से भी संजू सैमसन का नाम गायब है।
कोच गौतम गंभीर का कहना है कि संजू फॉर्म में नहीं हैं, इसलिए उन्हें आराम दिया गया है। लेकिन टीम में दो ऐसे खिलाड़ी भी हैं जो लंबे समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। ये दो खिलाड़ी ईशान किशन और टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा हैं।
ईशान किशन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल 6 पारियों में 13.16 की औसत और 108.21 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 79 रन बना पाए। चिंता सिर्फ उनके खराब आंकड़ों की नहीं, बल्कि बार-बार एक ही तरीके से विकेट गंवाने की भी है। यूरोपीय पिचों की उछाल और मूवमेंट के सामने ईशान अब तक खुद को ढाल नहीं पाए हैं। आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने 1 और 12 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि दूसरे मैच में 40 गेंदों पर 49 रन जरूर बनाए। लेकिन इसके बाद नॉटिंघम में 13 और ब्रिस्टल में सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा भी लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे हैं। चौथे मैच में उन्होंने 8 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 11 रन बनाए। इससे पहले भी उन्होंने 13, 24 और 3 रन की पारियां खेली थीं। टीम के उप-कप्तान होने के बावजूद तिलक को लगातार मौके मिल रहे हैं, जबकि उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनकी टीम में जगह पर सवाल उठ रहे हैं। टी20 विश्व कप में भी तिलक वर्मा फ्लॉप रहे थे।
Updated on:
10 Jul 2026 02:38 pm
Published on:
10 Jul 2026 02:38 pm
