10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs ENG 5th T20 से पहले हैरी ब्रूक की टीम इंडिया को चेतावनी, 4-0 हराने और नंबर 1 की कुर्सी छीनने की कही बात

IND vs ENG: ब्रिस्टल टी20 में जीत के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि भारत जैसी विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ 4-0 से सीरीज जीतना बड़ी उपलब्धि होगी। आखिरी मुकाबले में जीत के साथ इंग्लैंड के पास आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बनने का भी मौका है।
2 min read
Google source verification
Harry Brook, India vs England

हैरी ब्रूक (फोटो- IANS)

Team India T20 Ranking: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल में खेला गया, जहां टीम इंडिया को एक और हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ कोई टी20 सीरीज हार गई। वहीं, 2019 के बाद यह पहला मौका है, जब टीम इंडिया लगातार दो टी20 सीरीज गंवा बैठी। हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने मैच के बाद कहा, "भारत जैसी मौजूदा विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ सीरीज 4-0 से जीतना बड़ी उपलब्धि होगी और दुनिया की नंबर-1 टीम को हराकर खुद नंबर-1 बनना उससे भी बड़ी उपलब्धि होगी।

रद्द हुआ था पहला मुकाबला

टी20 सीरीज के अब तक चार मुकाबले खेले जा चुके हैं। पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि उसके बाद खेले गए तीनों मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ इंग्लैंड ने इतिहास रचते हुए पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज अपने नाम की। सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला साउथैम्पटन में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले में भी इंग्लैंड की नजर जीत दर्ज कर आईसीसी पुरुष टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल करने पर होगी।

टी20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड

फिलहाल भारतीय टीम आईसीसी मेंस टी20 टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज है, जबकि इंग्लैंड दूसरे स्थान पर है। अगर भारत सीरीज का आखिरी मुकाबला भी हार जाता है, तो इंग्लैंड दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम बन सकती है और भारत दूसरे स्थान पर खिसक सकता है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया तीसरे, न्यूजीलैंड चौथे और दक्षिण अफ्रीका पांचवें स्थान पर बने रहेंगे।

ब्रूक ने चौथे टी20 में सिर्फ 35 गेंदों का सामना करते हुए 79 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात करते हुए इंग्लिश कप्तान ने कहा, "अपनी बल्लेबाजी को लेकर मैं खुश हूं। मैच से पहले कोचों के साथ इस मैदान पर बल्लेबाजी की रणनीति पर अच्छी चर्चा हुई थी। खुशी है कि मैं टीम के लिए कुछ अहम रन बना सका। हमारी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उसकी गहराई है। आज हमने रेहान को टीम में शामिल किया, जो नंबर आठ पर आकर बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते हैं। इससे हमारी बल्लेबाजी और मजबूत हो जाती है और टीम को अतिरिक्त भरोसा मिलता है।"