
डेब्यू मैच में आउट होकर लौटते हुए वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)
Vaibhav Sooryavanshi, India vs Zimbabwe 1st T20: 15 साल के भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार आगाज हो गया है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में पूरी तरख़ से फ्लॉप रहने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ही मैच में ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मैच में सूर्यवंशी ने मात्र 18 गेंद पर अर्धशतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया।
सूर्यवंशी ने 19 गेंद पर चार चौके और चार छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 263.16 का रहा। अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर आउट हो गए। रिचर्ड नगारवा ने उनका विकेट झटका। वह ठीक उसी तरह आउट हुए शॉर्ट पिच गेंद पर जिस तरह आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में प्रफुल्ल हिंगे ने उनका विकेट झटका था।
इसी के साथ सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह कारनामा मात्र 15 साल और 118 दिन की उम्र में किया है। इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में पचासा जड़ने का विश्व रिकॉर्ड जिब्राल्टर के लुईस ब्रूस के नाम था, जिन्होंने 2021 में माल्टा के खिलाफ 16 साल और 56 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। वहीं, इंडोनेशिया के काविन चड्ढा (16 वर्ष 76 दिन), सीएरा लियोन के अलुसीन तुरे (16 वर्ष 89 दिन) और भूटान के तेनजिन रब्गे (16 वर्ष 118 दिन) भी इस सूची में शामिल थे।
फुल-मेंबर देशों की बात करें तो यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2019 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 साल और 296 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़ा था। वैभव सूर्यवंशी ने न केवल गुरबाज के रिकॉर्ड को बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ा, बल्कि दुनिया के सभी एसोसिएट और फुल-मेंबर देशों के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए इस सूची के शीर्ष पर अपना नाम दर्ज करा लिया।
इससे पहले मंयक यादव, प्रिंस यादव, शिवम दुबे और रवि बिश्नोई की कसी हुई और घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बना सकी। जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने अपने शुरुआती 4 विकेट 32 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद रेयान बर्ल ने 35 गेंदों पर 26, वेस्ली मधेवेरे ने 34 गेंदों पर 39 और तादिवानाशे मारुमानी ने 20 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम को 125 तक पहुंचाया। बर्ल और मधेवेरे के बीच छठे विकेट के लिए निभाई 58 रन की साझेदारी बेहद अहम रही।
ब्रायन बेनेट 0, बेन करन 10, डियन मायर्स 6 और कप्तान सिकंदर रजा 4 रन बनाकर आउट हुए। इन शुरुआती 4 बल्लेबाजों की असफलता की वजह से जिम्बाब्वे बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 और रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए। भारत की तरफ से इस मैच में तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने डेब्यू किया है। उन्हें विकेट नहीं मिला। अशोक ने 4 ओवर में 29 रन दिए।
भारतीय टीम जब 126 के लक्ष्य का पीछा करने उतरेगी, तो सबसे ज्यादा नजर वैभव सूर्यवंशी पर होगी। आईपीएल 2026 में करिश्माई बल्लेबाजी करने वाले वैभव इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 3 मैचों में फ्लॉप रहे थे। वैभव से इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
Updated on:
23 Jul 2026 07:33 pm
Published on:
23 Jul 2026 07:16 pm
