
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे 3 टेस्ट मैच की सीरीज़ का दूसरा मैच सेंचुरीयन में खेला जा रहा है। मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका का ये फैसला काफी शानदार साबित हुआ और टीम इंडिया के गेंदबाज़ पहले दिन की शुरुआत में विकेट के लिए तरसते हुए दिखाई दिए। हालांकि उसके बाद मैच की तस्वीरें बदलने लगीं और विकेट मिलना शुरु हो गए। बता दें कि पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट के नुकसान पर 269 रन बना लिए हैं।
भारत की ओर से पहले दिन अश्विन ने शानदार गेंदबाज़ी की। अश्विन ने 3 अफ्रीकी बल्लेबाज़ों का विकेट लिया। जबकि 1 विकेट ईशांत शर्मा को मिला तो वहीं 2 खिलाड़ी रनआउट हुए थे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मारक्रम ने सबसे ज़्यादा 94 रन बनाए और अश्विन का शिकार हो गए। उनके अलावा अमला ने भी 82 रनों की शानदार पारी खेली और हार्दिक पांड्या के हाथों रन आउट हो गए।
टीम के कप्तान विराट कोहली एक बार फिर से टीम सेलेक्शन को लेकर निशाने पर आ गए हैं। बता दें कि दूसरे मैच में भी अजिंक्य रहाणे को टीम से बाहर रखा गया है। तो वहीं पहले मैच में धारदार गेंदबाज़ी करने वाले भुवनेश्वर कुमार को दूसरे मैच में टीम से निकाल दिया गया। कोहली के इस निर्णय के बाद से क्रिकेट फैंस का गुस्सा अपने चरम पर है और लोग टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं। विराट कोहली के टीम सेलेक्शन को लेकर क्रिकेट के दिग्गज भी परेशान हैं।
सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकालते हुए फैंस का कहना है कि भुवनेश्वर की गलती सिर्फ इतनी है कि उनके नाम के आगे शर्मा नहीं लगा हुआ है, यदि वे भुवनेश्वर कुमार के बजाए भुवनेश्वर शर्मा होते तो टीम में बने रहते। बता दें कि विराट कोहली जब से टीम इंडिया के कप्तान बने हैं, टीम सेलेक्शन को लेकर हमेशा विवादों में बने रहते हैं।
Published on:
14 Jan 2018, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.