30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘मेरे पसंदीदा बैटिंग पार्टनर…’, अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर विराट कोहली ने शेयर किया भावुक पोस्ट

विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें अपना सबसे पसंदीदा बैटिंग पार्टनर बताया है। कोहली ने कहा कि उनके स्लिप्स में सबसे भरोसेमंद हाथ थे और उन्हें अपने करियर पर गर्व होना चाहिए।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jul 30, 2026

Ajinkya Rahane Retirement

विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया (photo - BCCI/X)

Ajinkya Rahane Retirement: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रहाणे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए यह जानकारी दी। उनके इस वीडियो को शेयर करते ही बधाइयों का तांता लग गया। इसी कड़ी में दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी उनके लिए एक पोस्ट शेयर किया है।

विराट ने किया भावुक पोस्ट

कोहली ने रहाणे को अपना सबसे पसंदीदा बैटिंग पार्टनर बताते हुए एक्स पर लिखा, "जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई, दोस्त। तुमने भारतीय क्रिकेट के लिए कमाल का काम किया है और तुम्हें अपने इस सफ़र पर बहुत गर्व होना चाहिए। स्लिप्स में सबसे भरोसेमंद हाथ और टेस्ट में मेरे पसंदीदा बैटिंग पार्टनर। हमेशा तुम्हारे लिए शुभकामनाएँ। भगवान तुम्हारा भला करे।"

रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

रहाणे ने वीडियो में कहा कि उन्हें लगता है कि इंटनरेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का यह सही समय है। उन्होंने कहा, "जिंदगी की सच्चाई यह है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है, तो आपको बस उसका सम्मान करना है और आगे बढ़ना है। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और मैंने हमेशा इसकी अहमियत को समझा है। आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय है।"

उन्होंने वीडियो में बताया कि कैसे वह महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से निकलकर एक क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़े। रहाणे ने कहा कि उन्होंने खेल के लिए सब कुछ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी से खेल खेला। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि खेल के साथ उनका सफर खत्म नहीं हुआ है। रहाणे ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, हर आईपीएल फ्रेंचाइजी, परिवार और अपनी पत्नी राधिका समेत उन सभी का धन्यवाद किया, जो उनके समर्थन में हमेशा खड़ा रहे।

रहाणे का क्रिकेट करियर

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। उन्होंने टेस्ट में 38 की औसत से 5077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं, वनडे में उन्होंने 35 की औसत से 2,962 रन बनाए। एकदिवसीय क्रिकेट में रहाणे ने 3 शतक और 24 अर्धशतक लगाए। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में रहाणे के बल्ले से 113 के स्ट्राइक रेट से 375 रन निकले। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में छह टीमों की तरफ से 212 मैच खेले।