scriptWorld Cup 2019 : न्यूजीलैंड को 119 रन से हरा इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी | World Cup cricket England vs New Zealand live match update | Patrika News

World Cup 2019 : न्यूजीलैंड को 119 रन से हरा इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी

locationनई दिल्लीPublished: Jul 04, 2019 07:45:28 am

Submitted by:

Mazkoor

World Cup 2019 में बेयरस्टो ने लगाया लगातार दूसरा शतक
न्यूजीलैंड की ओर से टॉम लाथम ने लगाया अर्धशतक

England won

चेस्टर ले स्ट्रीट : आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 (ICC Cricket World Cup 2019) में न्यूजीलैंड (New Zealand cricket team) के खिलाफ इंग्लैंड (England cricket team) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 305 रन बनाए और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 306 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 45 ओवर में मात्र 186 रन पर आल आउट होकर 119 रनों से बड़ी हार को गले लगा बैठी। इसी के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और भारत की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है।

न्यूजीलैंड को पांच जुलाई तक करना होगा इंतजार

न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी या नहीं, यह पांच जुलाई को तय होगा। पांच जुलाई को पाकिस्तान और बांग्लादेश का मैच है और पाकिस्तान के पास आठ मैचों से अभी नौ अंक है। अगर वह बांग्लादेश से मैच जीतती है तो उसके भी न्यूजीलैंड के बराबर 11 अंक हो जाएंगे। तब मामला रन रेट पर निर्भर करेगा। जिस टीम का रन रेट बेहतर होगा, वह चौथी टीम के रूप में सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। हालांकि अभी देखा जाए तो पाकिस्तान का रन रेट न्यूजीलैंड से काफी कम है, इसलिए उसे बांग्लादेश को बड़े अंतर से मात देनी होगी।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने किया निराश

न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज ने विकेट पर जमने का माद्दा नहीं दिखाया। पहले ओवर से जो विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ तो वह उनके 186 रन पर आल आउट होने पर ही जाकर रुका। न्यूजीलैंड के ओपनर हेनरी निकोलस पहले ही ओवर में आउट हो गए तो कुछ देर बाद मार्टिन गुप्टिल भी पैवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान केन विलियम्सन (27) और रॉस टेलर (28) ने पारी संभालने की कोशिश की। जब लगा कि वे दोनों न्यूजीलैंड को संकट से निकाल लेंगे तो एक के बाद एक कर दोनों रन आउट हो गए। इसके बाद न्यूजीलैंड गहरे संकट में फंस गया। फिर भी टॉम लाथम (57) के अलावा न्यूजीलैंड के किसी भी बल्लेबाज ने विकेट पर टिकने का साहस नहीं दिखाया और पूरी टीम 186 रन पर आउट हो गई।
इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट लिए। उनके अलावा क्रिस वोक्स, जोफरा आर्चर, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिला।

अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए इंग्लैंड के बल्लेबाज

इंग्लैंड को जॉनी बेयरस्टो (106) और जेसन रॉय (60) ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। इन दोनों ने इस विश्व कप में तीसरी शतकीय साझेदारी की। लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की और साढ़े तीन सौ से भी ज्यादा स्कोर की तरफ बढ़ रही इंग्लैंड की टीम को 305 रनों पर रोक दिया। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट, जिमी नीशाम और मैट हेनरी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिशेन सेंटनर और टिम साउदी को एक-एक विकेट मिला।

लाइव अपडेट

न्यूजीलैंड की पारी

– इसके बाद न्यूजीलैंड के बचे बल्लेबाज जरा भी प्रतिरोध नहीं जता सके और पूरी टीम 45 ओवर में 186 रनों पर आल ऑउट हो गई।

– 39वें ओवर में टॉम लाथम आउट होकर चलते बने और इसके बाद अगले ही ओवर में मिशेल सेंटनर भी आउट होकर पैवेलियन लौटे। इसी ओवर में न्यूजीलैंड पर मंडराने लगा है हार का खतरा। टीम का स्कोर 40 ओवर में आठ विकेट पर 171 रन।

– टॉम लाथम और मिशेल सेंटनर काफी संभल-संभलकर खेल रहे हैं। न्यूजीलैंड की पारी के 36 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 150 रन पूरे हुए। टॉम लाथम अर्धशतक लगाकर कर रहे हैं बल्लेबाजी।

– अपना छठा विकेट खोकर न्यूजीलैंड ने अपने लिए मुश्किलें और बढ़ा ली है। टीम का स्कोर 29 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 129 रन। लाथम 37 रन पर खेल रहे हैं। नए बल्लेबाज मिशेल सेंटनर क्रीज पर आए।

– न्यूजीलैंड टीम को एक और झटका लगा है। जिमी नीशाम भी आउट होकर पैवेलियन चले गए। उन्होंने 27 गेंद पर एक चौके की मदद से 19 रन बनाए थे। टीम का बल्लेबाजी के लिए कोलिन डी ग्रैंडहोम आए। टीम का स्कोर 26 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 124 रन। लाथम 35 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– न्यूजीलैंड के पारी के 100 रन पूरे। टीम का स्कोर 22 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 104 रन।

– कप्तान केन विलियम्सन के बाद फॉर्म में चल रहे रॉस टेलर भी रन आउट होकर पैवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड 17 ओवर में 70 रन पर चार विकेट खोकर गहरे संकट में फंस गया है। नए बल्लेबाज जिमी नीशाम ने मैदान पर कदम रखा है।

– न्यूजीलैंड के कप्तान अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पैवेलियन लौट गए। उन्होंने 40 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाए थे। इसी के साथ न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट गिरा। टीम का स्कोर 16 ओवर में तीन विकेट पर 68 रन। टेलर 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। नए बल्लेबाज टॉम लाथम आए हैं।

– कप्तान केन विलियम्सन और रॉस टेलर न्यूजीलैंड की पारी बनाने में लगे। 13 ओवर में न्यूजीलैंड के 50 रन पूरे। विलियम्सन- 25, टेलर- 15 रन पर।

– जल्दी-जल्दी दो विकेट खो देने के बाद कप्तान केन विलियम्सन और रॉस टेलर न्यूजीलैंड की पारी संभालने में जुटे। इन दोनों संभलकर खेलते हुए 10 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर टीम को 37 रन तक पहुंचाया।

– न्यूजीलैंड अभी निकोलस के झटके से उबरी भी नहीं थे कि मार्टिन गुप्टिल भी पैवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड का स्कोर 6 ओवर में दो विकेट पर 16 रन।

– इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत करने आए क्रिस वोक्स ने न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। हेनरी निकोलस को पैवेलियन भेजा। नए बल्लेबाज हैं कप्तान केन विलियम्सन।

-न्यूजीलैंड की पारी शुरू। मार्टिन गुप्टिल के साथ हेनरी निकोलस ओपन करने के लिए क्रीज पर उतरे।

इंग्लैंड की पारी

– इंग्लैंड को एक और बड़ा झटका लगा है। जमकर खेल रहे कप्तान इयोन मोर्गन भी आउट होकर पैवेलियन चले गए। उन्होंने 40 गेंदों पर 5 चौके की मदद से 42 रन बनाए। इंग्लैंड का स्कोर 47 ओवर में सात विकेट पर 277 रन।

– इंग्लैंड की टीम 31 ओवर में 200 रन बनाकर काफी आराम की स्थिति में थी, लेकिन यहां से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की और इंग्लैंड को रन बनाने के लिए तरसा कर रख दिया। इंग्लैंड का एक और विकेट गिरा। वोक्स भी पैवेलियन लौटे। टीम का स्कोर 45 ओवर में छह विकेट पर 259 रन।

– इंग्लैंड की पारी के ढाई सौ रन पूरे हुए। कप्तान मोर्गन क्रीज पर 27 रन बनाकर मौजूद हैं। इंग्लैंड का स्कोर 44 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन।

– इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की है। इंग्लैंड का पांचवां विकेट भी गिरा। बेन स्टोक्स आउट होकर पैवेलियन लौटे। उन्होंने 27 गेंदों पर महज 11 रन बनाए। इंग्लैंड का स्कोर 42 ओवर में पांच विकेट पर 248 रन।

– इंग्लैंड को चौथा झटका लगा। जोस बटलर भी 11 रन पर आउट। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने की बड़ी वापसी। बल्लेबाजी के लिए दो नए बल्लेबाज इयॉन मोर्गन और बेन स्टोक्स बल्लेबाजी के लिए मैदान पर। इंग्लैंड का स्कोर 35 ओवर में चार विकेट पर 218 रन।

– इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। जॉनी बेयरस्टो शतक लगाने के बाद आउट होकर पैवेलियन लौटे। उन्होंने 99 गेंद पर 15 चौके और एक सिक्स की मदद से 106 रन बनाए।

– इंग्लैंड ने मात्र 31 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए हैं, जबकि शतक लगाकर बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद हैं। उनका साथ दे रहे हैं जोस बटलर।

– इस विश्व कप में 500 रन बनाने वाले जोए रूट पांचवें खिलाड़ी बने। उनसे पहले रोहित शर्मा, शाकिब अल हसन, डेविड वार्नर और एरॉन फिंच यह कारनामा कर चुके हैं।

– इंग्लैंड का दूसरा विकेट गिरा। रूट आउट हो गए। उन्होंने 25 गेंद पर एक चौके की मदद से 24 रन बनाए थे। नए बल्लेबाज जोस बटलर ने मैदान में रखा कदम।

– जॉनी बेयरस्टो ने अपना शतक पूरा किया। विश्व कप में यह उनका लगातार दूसरा शतक है। उनकी शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड का स्कोर 30 ओवर में एक विकेट पर 194 रन। बेयरस्टो- 100, रूट- 24 रन पर।

– इंग्लैंड के डेढ़ सौ रन पूरे। इंग्लैंड का स्कोर 24 ओवर में एक विकेट पर 156 रन। बेयरस्टो- 74, रूट- 13 रन पर।

– जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो की इस विश्व कप में पहले विकेट के लिए यह तीसरी साझेदारी है। इससे पहले विश्व कप में दो ओपनिंग जोड़ियां कर सकी है ऐसा। एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यू हेडन ने 2007 में, एरॉन फिंच और डेविड वार्नर ने इसी विश्व कप में ऐसा किया है।

– इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा, जेसन रॉय 60 रन बनाकर आउट। उन्होंने 61 गेंद पर आठ चौके लगाए। बल्लेबाजी करने क्रीज पर नए बल्लेबाज जोए रूट आए। इंग्लैंड का स्कोर 19 ओवर में एक विकेट पर 124 रन। बेयरस्टो 54 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो इंग्लैंड के लिए काफी तेज पारी खेल रहे हैं। इन दोनों ने 15 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 100 पार पहुंचा दिया है। रॉय- 47, बेयरस्टो- 48 रन पर।

– इंग्लैंड के दोनों ओपनर बेयरस्टो और रॉय जमकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन दोनों ने इंग्लैंड को काफी मजबूत स्थिति की तरफ ले जाते दिख रहे हैं। इन दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 11 ओवर में 68 रन तक पहुंचा दिया है। बेयरस्टो- 32, रॉय- 27 रन पर।

– इंग्लैंड को उसके दोनों ओपनर जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो ने धुआंधार शुरुआत दिलाई है। इन दोनों ने सात ओवर में ही बिना किसी नुकसान के इंग्लैंड का स्कोर 50 पार पहुंचा दिया है। बेयरस्टो- 30, रॉय- 14 रन पर।

– इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू। जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो की जोड़ी मैदान पर।

– इंग्लैंड ने टॉस जीतकर लिया पहले बल्लेबाजी का फैसला।

अंबाती रायडू ने अचानक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास, चयनकर्ताओं से थी नाराजगी

इंग्लैंड अपरिवर्तित, न्यूजीलैंड ने किए दो बदलाव

इंग्लैंड की टीम ने अपनी अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने दो बदलाव किए हैं। उसने लॉकी फर्ग्यूसन और ईश सोढ़ी की जगह टिम साउदी और मैट हेनरी को अंतिम एकादश में मौका दिया है।

दोनों टीमें :

न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, हेनरी निकोलस, रॉस टेलर, टॉम लाथम (विकेटकीपर), जिमी नीशाम, कोलिन डी ग्रांडहोम, मिशेल सैंटनर, टिम साउदी, मैट हेनरी और ट्रेंट बोल्ट।

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), जोए रूट, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, लियाम प्लंकट, जोफरा आर्चर, आदिल राशिद और मार्क वुड।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो