
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे का सुपर 8 मुकाबला आज (Image: ANI)
ICC T20 World Cup 2026 Super 8: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे, दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में एक भी मैच गंवाए बिना यहां तक पहुंची हैं। यह मैच (Zimbabwe vs West Indies) ग्रुप 1 में सेमीफाइनल की दौड़ पर सीधा असर डालेगा और भारत की भी नजर इस मैच के नतीजे पर होगी। वेस्टइंडीज को भारतीय पिचों पर ज्यादा अनुभव का लाभ मिल सकता है, वहीं जिम्बाब्वे इस पूरे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा सरप्राइज पैकेज बनकर उभरा है।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान व विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेपर्ड, जेसन होल्डर, अकील होसेन, गुदाकेश मोटी, शमार जोसेफ।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, ताडीवानाशे मरुमानी (विकेटकीपर), डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, टोनी मुन्योंगा, तशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवान्स, वेलिंगटन मसकदजा, ग्रेम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजारबानी।
वेस्टइंडीज के लिए शेरफेन रदरफोर्ड इस टूर्नामेंट के सबसे घातक बल्लेबाज साबित हो रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 76 रनों की नाबाद पारी, जो उनकी टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ थी, वेस्टइंडीज की जीत का प्रमुख कारण बनी थी। वहीं स्पिन जोड़ी गुदाकेश मोटी (3 विकेट) और रोस्टन चेज (2 विकेट) ने उस मैच में इंग्लैंड की बल्लेबाजी को पैर जमाने का मौका भी नहीं दिया। कप्तान शाई होप ने भी इटली के खिलाफ 46 गेंदों में 75 रन की आक्रामक पारी खेलकर दिखाया था कि वे अपनी टीम को मैच जिताने में सक्षम हैं।
जिम्बाब्वे की ओर से सबसे खतरनाक हथियार हैं ब्लेसिंग मुजारबानी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने महज 17 रन देकर 4 विकेट लिए, जो जिम्बाब्वे के लिए टी20 विश्व कप इतिहास के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े हैं। ब्रायन बेनेट भी विंडीज के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। वे ग्रुप स्टेज में बिना आउट हुए तीन अर्धशतक लगा चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 56 गेंदों पर 64 रन बनाए और एंकर की भूमिका बखूबी निभाई। कप्तान सिकंदर रजा का प्रदर्शन भी कंसिस्टेंट रहा है।
वेस्टइंडीज ने ग्रुप सी में चारों मैच जीते और ग्रुप टॉपर के रूप में सुपर 8 में प्रवेश किया। सबसे बड़ा उलटफेर उन्होंने 11 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े में किया, जहां उन्होंने इंग्लैंड को 30 रन से रौंदा। इंग्लैंड ने पहले फील्डिंग का फैसला किया था, लेकिन वेस्टइंडीज ने 196/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की पारी 19 ओवर में 166 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड की बल्लेबाजी मोटी और चेज की स्पिन के सामने पूरी तरह बिखर गई।
जिम्बाब्वे की कहानी और भी रोचक है। 2024 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई न कर पाने वाली इस टीम ने 13 फरवरी को कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से पटखनी देकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया। मुजारबानी और ब्रैड इवान्स ने पावरप्ले में ही ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया था और 4 विकेट महज 29 रन पर गिरा दिए थे। बेनेट के 64 रन और रजा की आक्रामक 25 रन की पारी ने जिम्बाब्वे को 169/2 तक पहुंचाया था। 2007 के बाद टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उनकी दूसरी जीत है। इसके बाद ओमान के खिलाफ जीत दर्ज की, फिर श्रीलंका को छह विकेट से हराकर वे ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए सुपर 8 में पहुंचे हैं। यह पहली बार है जब जिम्बाब्वे इस मंच तक पहुंचा है।
संबंधित विषय:
Published on:
23 Feb 2026 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
