
बांग्लादेश की पूर्व महिला कप्तान जहांआरा आलम (Photo - IANS)
Jahanara Alam accused selector and manager of Sexual harassment: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पूर्व महिला कप्तान जहांआरा आलम द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कार्रवाई की है। जहांआरा ने पूर्व चीफ सेलेक्टर और तेज गेंदबाज मंजरुल इस्लाम पर अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे।
बीसीबी ने बड़ा एक्शन लेते हुए मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत क्रिकेट से जुड़ी किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका से प्रतिबंधित कर दिया है। इस्लाम 2020 में बांग्लादेश की महिला टीम के मुख्य चयनकर्ता नियुक्त हुए थे। रविवार को ढाका में बीसीबी की बोर्ड मीटिंग हुई जिसके बाद बयान जारी कर बताया गया कि इस्लाम को भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट में किसी भी तरह की भूमिका के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाता है।
बीसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'बांग्लादेश की राष्ट्रीय महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम की शिकायत की जांच के लिए बीसीबी की तरफ से गठित स्वतंत्र जांच समिति के नतीजों के आधार पर बोर्ड ने पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत किसी भी तरह की क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हर तरह की भूमिका से प्रतिबंधित किया जाता है।'
बयान से यह भी संकेत मिलता है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पूर्व तेज गेंदबाज मोंजुरुल इस्लाम के खिलाफ और भी कार्रवाई कर सकता है। बयान में आगे कहा गया, 'बीसीबी समिति की सिफारिशों की समीक्षा कर रहा है और अगर रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई जरूरी हुई तो वो की जाएगी।'
एक इंटरव्यू में पत्रकार रियासाद अजीम को जहांआरा ने बताया था कि टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। वे बिना अनुमति उनके कंधे पर हाथ रखते, उनके पीरियड्स के बारे में पूछते तथा ऐसी निजी बातें करते, जिनसे उन्हें बेहद असहज महसूस होता। पूर्व सेलेक्टर और मैनेजर हाथ मिलाने के बजाय गले लगाने के लिए उनके करीब आते थे, वह भी टीम साथियों व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में।
जहांआरा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने उनके करियर को बर्बाद करने की कोशिश की क्योंकि उन्होंने मंजरुल के अनुचित प्रस्ताव ठुकरा दिए थे। उन्होंने दिवंगत तौहीद महमूद व बीसीबी अधिकारी सरफराज बाबू पर भी इसी तरह के व्यवहार का आरोप लगाया था। बता दें जहांआरा ने बांग्लादेश के लिए 52 वनडे में 30.39 की औसत से 48 विकेट व 83 टी20 में 24.03 की औसत से 60 विकेट हासिल किए हैं।
Updated on:
23 Feb 2026 02:11 pm
Published on:
23 Feb 2026 02:11 pm
